डोमिनिकन गणराज्य के साथ व्यापार पर संस्थागत तंत्र बनाने का समझौता
भारत और कैरेबियाई देश डोमिनिकन गणराज्य ने द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए एक संस्थागत तंत्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। बुधवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि भारत और डोमिनिकन गणराज्य के बीच संयुक्त आर्थिक और व्यापार समिति (जेटको) की स्थापना के लिए एक समझौते पर 12 मार्च, 2024 को सैंटो डोमिंगो में हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते में तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण कार्यक्रम और क्षमता निर्माण के माध्यम से व्यापार, सेवाओं, औद्योगिक प्रौद्योगिकियों और अन्य कई क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत और विकसित करने की परिकल्पना की गई है। बयान के मुताबिक, ‘‘यह समझौता व्यापार और उद्योग के सामने आने वाली चुनौतियों को कम करने में महत्वपूर्ण होगा और दोनों देशों के बीच ज्ञान और सर्वोत्तम व्यवहार को साझा करने का एक मंच मुहैया कराएगा।’’
भारत डोमिनिकन गणराज्य से मुख्य रूप से सोने का आयात करता है जबकि उसे दवाएं, समुद्री उत्पाद, मोटर वाहन और दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों का निर्यात करता है। समझौते पर डोमिनिकन गणराज्य के विदेश मंत्री रॉबर्टो ए अल्वारेज और वाणिज्य विभाग की ओर से डोमिनिकन गणराज्य में भारत के राजदूत रामू अब्बागानी ने हस्ताक्षर किए। भारत-डोमिनिकन गणराज्य जेटको की पहली बैठक जल्द ही होने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जेटको की स्थापना के लिए समझौते पर हस्ताक्षर करने के प्रस्ताव पर 24 जनवरी को मुहर लगाई थी। वित्त वर्ष 2022-23 में दोनों देशों के बीच 79 करोड़ डॉलर का व्यापार हुआ था।
Similar Post
-
गिरावट से उबरा शेयर बाजार, सेंसेक्स एक प्रतिशत से ज्यादा मजबूत
पिछले कारोबारी दिवस की भारी गिरावट से उबरते हुए घरेलू शेयर बाजारों ...
-
प्रवासी भारतीयों ने अप्रैल-दिसंबर में डीएलएफ की 5,250 करोड़ रुपये की संपत्तियां खरीदीं
रियल एस्टेट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी डीएलएफ ने चालू वित्त वर्ष की अप ...
