परिसीमन विधेयक में द्रमुक की मुख्य मांगें शामिल, इसलिए पार्टी इसका समर्थन करेगी: स्टालिन
चेन्नई, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख एम.के. स्टालिन ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है, क्योंकि इसमें द्रमुक की दो मुख्य मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह पार्टी के संघर्ष की जीत और सभी दक्षिणी राज्यों की विजय है। लोकसभा में 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी में कटौती न करने और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को बनाए रखना, द्रमुक की दो मुख्य मांगें हैं।
उन्होंने कहा कि इन दो मांगों को नये विधेयक में लिखित रूप में शामिल किया गया है, और चूंकि अप्रैल में संसद में पेश किये गए पिछले विधेयक में ये बातें नहीं थीं, इसलिए उसका विरोध किया गया था। स्टालिन ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ‘‘यह 2024 से द्रमुक द्वारा किए जा रहे लगातार संघर्षों की जीत है। यह तमिलनाडु सहित सभी दक्षिणी राज्यों की जीत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें बिना भावुक हुए, इस बात पर विचार करना चाहिए कि अगर हम इस परिसीमन विधेयक को पारित कराने में चूक गए तो क्या होगा। इस विधेयक में 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है।’’ पत्रकारों से बात करते हुए, वरिष्ठ द्रमुक नेता ए. राजा ने कहा कि यह समर्थन केवल इसलिए दिया गया है क्योंकि पार्टी की मांगों को शामिल कर लिया गया है।
राजा ने कहा, ‘‘इससे तमिलनाडु को कोई नुकसान नहीं होगा; 7.18 प्रतिशत का हिस्सा बढ़कर 7.21 प्रतिशत हो जाएगा। सभी पार्टियों की बस यही मांग थी कि परिसीमन निष्पक्ष तरीके से हो। प्रतिनिधित्व का अनुपात 1971 की जनगणना पर आधारित होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक द्रमुक की बात है, हमारा रुख हमेशा एक जैसा रहा है। चाहे हम सत्ता में रहे हों या सत्ता से बाहर... राजनीतिक स्थिति चाहे जो भी रही हो, हमने अपना रुख नहीं बदला है।’’ पार्टी के अनुसार, निष्पक्ष परिसीमन की मांग को लेकर, जब पार्टी सत्ता में थी, तब उसने 14 फरवरी 2024 को एक प्रस्ताव पारित किया था।इस साल अप्रैल में, स्टालिन ने केंद्र के तत्कालीन परिसीमन विधेयक की एक प्रति जलाई थी, इसे 'काला कानून' करार दिया था और आरोप लगाया था कि इसका मकसद तमिल लोगों को उनकी अपनी ही जमीन पर 'शरणार्थी' बनाना है।
Similar Post
-
परिसीमन विधेयक में द्रमुक की मुख्य मांगें शामिल, इसलिए पार्टी इसका समर्थन करेगी: स्टालिन
चेन्नई, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प् ...
-
उत्तराखंड में भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था बिगड़ी, भ्रष्टाचार चरम पर: कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह
देहरादून, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अ ...
-
शिवकुमार महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर केरलम और तेलंगाना के समकक्षों से चर्चा करेंगे
बेंगलुरु, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
