शिवकुमार महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर केरलम और तेलंगाना के समकक्षों से चर्चा करेंगे

img

बेंगलुरु, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि वह 29 नवंबर को दिल्ली में केरलम और तेलंगाना के अपने समकक्षों के साथ बैठक करेंगे और केंद्र द्वारा प्रस्तावित महिला आरक्षण संशोधन विधेयक और परिसीमन विधेयकों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में दक्षिणी राज्यों के लिए सीट में प्रस्तावित बढ़ोतरी के परिणामों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, विशेषकर संसद में उनके प्रतिनिधित्व और उनकी राजनीतिक ताकत पर पड़ने वाले संभावित असर पर चर्चा की जाएगी। केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में एक नया संवैधानिक संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है। इसके तहत महिलाओं के लिए विधायिका में एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाएगा। इसके लिए लोकसभा में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की सीट की संख्या, तथा उनकी विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। साथ ही, इन संशोधित सीट और सीमाओं को 2051 तक यथावत रखने का प्रस्ताव है।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘मैं आज रात दिल्ली जा रहा हूं। कल, तेलंगाना और केरलम के मुख्यमंत्रियों के साथ मेरी मुलाकात होगी और हम इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। हम अपने राज्यों के साथ हो रहे अन्याय, हमारी जनसंख्या के आंकड़ों के असर और अन्य राज्यों, खासकर दक्षिण भारत के राज्यों में क्या स्थिति है, इस पर विचार करेंगे।’’  तेलंगाना और केरलम दोनों ही कांग्रेस-शासित राज्य हैं, और इनके मुख्यमंत्री क्रमशः ए. रेवंत रेड्डी और वी. डी. सतीशन हैं। शिवकुमार ने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कल (शुक्रवार को) ही इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। अभी हमें सिर्फ उतना ही पता है, जितना मीडिया में आया है। मंत्रिमंडल के फैसले की असल जानकारी हमें नहीं है। इस मामले पर चर्चा करने के बाद हम तय करेंगे कि आगे क्या करना है और इस मुद्दे को कितनी मजबूती से उठाना है।’’ कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि दक्षिणी राज्यों को सामूहिक रूप से अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके प्रतिनिधित्व पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement