उत्तराखंड में भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था बिगड़ी, भ्रष्टाचार चरम पर: कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह

img

देहरादून, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने शनिवार को कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ गई है, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। चकराता सीट से छह बार के विधायक सिंह ने भ्रष्टाचार के मुददे पर सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई, तो राज्य में एक पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त शासन व्यवस्था कायम करेगी।

उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जारी धामी सरकार के रिपोर्ट कार्ड को शून्य अंक देने लायक बताया। सत्तारूढ़ भाजपा ने हाल में 16 पन्नों का अपना 'रिपोर्ट कार्ड' जारी किया था जिसमें मुख्यमंत्री धामी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने 2022 के चुनावों में किए गए वादों में से '70 प्रतिशत' वादे पूरे किए हैं। सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में 'बहुत अंतर' है। उन्होंने कहा, “कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। डकैती, हत्या, महिलाओं के खिलाफ अपराध और मादक पदार्थों के इस्तेमाल की घटनाएं आम हैं। ”

सिंह ने कहा, “हम उत्तराखंड की जनता से वादा करना चाहते हैं कि कांग्रेस सत्ता में आएगी और वह पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त शासन व्यवस्था कायम करेगी।” भूमि सौदों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सिंह ने दावा किया कि देहरादून के निकट डाकपत्थर में लगभग 180 एकड़ जमीन भाजपा सरकार गुजरात की एक कंपनी को सौंपना चाहती है । सिंह ने कहा, “डाकपत्थर यमुना और टोंस नदियों के आसपास जारी और भविष्य में शुरू होने वाली सभी जलविद्युत परियोजनाओं का केंद्र है। फिर भी सरकार इस जमीन को बेचना चाहती है। लोगों ने अपनी जमीन विशेष रूप से इन जलविद्युत परियोजनाओं के विकास के लिए दान की थी, लेकिन अब सरकार इसे बेच रही है।”

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement