भारत-अमेरिका संबंध ऐतिहासिक ऊंचाई पर, पारस्परिक व्यापारिक रिश्ते की दिशा में काम कर रहे : राजनयिक

img

नई दिल्ली, गुरुवार, 19 नवम्बर 2026। अमेरिका के एक वरिष्ठ राजनयिक ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध ऐतिहासिक रूप से सबसे मजबूत दौर में हैं तथा दोनों देशों की सरकारें एक निष्पक्ष, पारस्परिक और परस्पर लाभकारी व्यापारिक संबंध बनाने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।  यहां आयोजित 23वें भारत-अमेरिका आर्थिक शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमेरिका के उप मिशन प्रमुख जेसन मीक्‍स ने व्यापारिक बाधाओं को कम करने, बाजारों तक समान पहुंच सुनिश्चित करने और आपूर्ति शृंखला को अधिक मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया।

मीक्स ने कहा, ‘‘हमारी दोनों सरकारें एक ऐसा व्यापारिक संबंध बनाने के लिए करीबी सहयोग कर रही हैं, जो निष्पक्ष, पारस्परिक और दोनों देशों के लिए लाभकारी हो।’’ उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने ‘‘वस्तुओं के व्यापार से कहीं आगे बढ़कर वास्तविक प्रगति की है’’ और दोनों देश ऊर्जा, दवा उद्योग, महत्वपूर्ण खनिजों, उन्नत प्रौद्योगिकी और विनिर्माण के क्षेत्र में साझेदारी कर रहे हैं। मीक्स ने ऐसे माहौल की जरूरत पर जोर दिया, जिसमें अमेरिकी आपूर्तिकर्ताओं और उनकी प्रौद्योगिकी की भारतीय विनिर्माताओं और उपभोक्ताओं तक निर्बाध पहुंच हो सके। वहीं, भारतीय कंपनियों को भी अमेरिकी बाजारों में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का अवसर मिले। उन्होंने कहा, ‘‘जब व्यापार निष्पक्ष और पारस्परिक होता है, तो दोनों देशों के श्रमिकों और कंपनियों को लाभ होता है।’’

‘पैक्स सिलिका’ पहल का उल्लेख करते हुए मीक्स ने कहा कि अमेरिका, भारत और अन्य देशों ने हाल ही में इस साझेदारी को मजबूत करने के लिए सैन फ्रांसिस्को घोषणा पर हस्ताक्षर किए हैं। यह कदम मजबूत और भरोसेमंद आपूर्ति शृंखलाओं के महत्व को रेखांकित करता है।  पैक्स सिलिका अमेरिका के नेतृत्व में दिसंबर 2025 में शुरू किया गया एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन है। इसका उद्देश्य भरोसेमंद सहयोगी देशों के बीच कृत्रिम मेधा (एआई), सेमीकंडक्टर और महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित एवं मजबूत आपूर्ति शृंखला विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि भारतीय विनिर्माता वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं में भरोसेमंद साझेदार के रूप में उभर रहे हैं। विशेष रूप से वाहन कलपुर्जों, दवा उद्योग और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में उनकी भूमिका बढ़ रही है। वहीं, अमेरिकी कंपनियां इस साझेदारी में प्रौद्योगिकी, पूंजी और विशेषज्ञता का योगदान दे रही हैं। भारतीय कंपनियों को अमेरिका में अपना कारोबार बढ़ाने के लिए आमंत्रित करते हुए मीक्स ने कहा कि वाशिंगटन विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास तथा वितरण नेटवर्क में निवेश आकर्षित करने का इच्छुक है।

उन्होंने कहा, ‘‘चाहे आप विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने की योजना बना रहे हों, अनुसंधान एवं विकास केंद्र खोलना चाहते हों या वितरण नेटवर्क विकसित करना चाहते हों, अमेरिका कारोबार के लिए तैयार है।’’ उन्होंने भारतीय कंपनियों को दो से पांच मई, 2027 तक वाशिंगटन डीसी के निकट आयोजित होने वाले ‘सिलेक्टयूएसए इन्वेस्ट समिट’ में भाग लेने के लिए भी आमंत्रित किया। मीक्स ने कहा कि अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ और भारत के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास दोनों लोकतांत्रिक देशों के लिए आर्थिक सहयोग को और गहरा करने तथा साझा समृद्धि को आगे बढ़ाने का अवसर प्रस्तुत करते हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement