राजस्थान में रेलवे लाइन पर विस्फोट मामले में दो लोग गिरफ्तार, पाकिस्तानी आका से संपर्क का संदेह

img

जयपुर, रविवार, 15 नवम्बर 2026। राजस्थान के रामसिंहपुर में तीन नवंबर को रेलवे लाइन पर हुए विस्फोट के मामले में राजस्थान आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और श्रीगंगानगर पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा प्रारंभिक जांच में उनके पाकिस्तान स्थित आकाओं के संपर्क में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महकदीप कथित तौर पर शाह नाम के एक पाकिस्तानी आका के संपर्क में थी। उसने अपने सहयोगी के साथ मिलकर रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी पर विस्फोट करने की साजिश रची थी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से विदेश में निर्मित दो पिस्तौल, 46 कारतूस और विस्फोट को अंजाम देने के लिए कथित तौर पर मिले 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस तथा गुरदासपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार किया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के नेतृत्व में एक संयुक्त दल गठित किया गया था। दल ने केंद्रीय जांच एजेंसियों से मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों की तकनीकी जानकारियों और सोशल मीडिया पर उनके खातों का विश्लेषण किया।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान गुरदासपुर निवासी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद मामले के जांच अधिकारी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी और एटीएस की बीकानेर इकाई के प्रभारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक दल पंजाब भेजा गया। राजस्थान पुलिस के दल ने पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस और गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य के साथ खुफिया एवं तकनीकी सूचनाएं साझा कीं। इसके बाद दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और फिर गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महकदीप का पति करणवीर सिंह पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले में पहले गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस के अनुसार, पति की गिरफ्तारी के बाद महकदीप कथित तौर पर पाकिस्तानी आकाओं के संपर्क में आई। जांचकर्ताओं ने शाह नाम के एक पाकिस्तानी आका और पाकिस्तान में ‘चाचा’ नाम के एक अन्य व्यक्ति की पहचान की है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को रेलवे पटरी पर विस्फोट करने के कथित तौर पर निर्देश दे रहे थे। ‘चाचा’ के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने का भी संदेह है। जांच के अनुसार, आरोपियों ने शुरुआत में छह अक्टूबर को रामसिंहपुर क्षेत्र में विस्फोट करने की साजिश रची थी, लेकिन विस्फोटक उपकरण उपलब्ध नहीं होने के कारण वे ऐसा नहीं कर सके। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद शाह की ओर से उपलब्ध कराया गया टाइम-बम 12-13 अक्टूबर को रेलवे पटरी पर रखा गया, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसमें विस्फोट नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, अंततः तीन नवंबर को रात करीब पौने 10 बजे पाकिस्तानी आका की ओर से कथित तौर पर उपलब्ध कराए गए दूसरे टाइम-बम से विस्फोट किया गया।

अधिकारियों का मानना है कि संदेह से बचने के लिए रामसिंहपुर क्षेत्र को चुना गया था और वारदात को अंजाम देने के लिए एक महिला का इस्तेमाल करने की साजिश रची गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को ऑनलाइन माध्यमों से धनराशि भेजी जाती थी। उनके सोशल मीडिया खातों पर सक्रिय गैंगस्टर की प्रोफाइल भी मिली हैं। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, संदिग्ध संपर्कों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में महिलाओं को प्रेम संबंधों और आर्थिक प्रलोभन के जरिए अपने जाल में फंसाकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल करने का एक संदिग्ध तरीका भी सामने आया है।

एटीएस इससे पहले गंगापुर सिटी से बबीता नाम की एक महिला को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, उसे भी प्रेम संबंधों के जरिए पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में लाया गया था।दोनों आरोपियों से रामसिंहपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और पाकिस्तानी आकाओं के साथ उनके संपर्कों की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है। राजस्थान पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पाकिस्तानी संचालकों और आपराधिक गिरोहों से जुड़े संदिग्ध सोशल मीडिया खातों एवं संपर्कों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित एजेंसियों को दें।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement