दिल्ली में परिवार द्वारा संचालित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

img

नई दिल्ली, रविवार, 15 नवम्बर 2026। दिल्ली पुलिस ने रविवार को अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य की 2.25 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह एक परिवार द्वारा संचालित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को मिली एक सूचना के बाद अभियान शुरू किया गया था। सूचना में बताया गया था कि रोहित दिवाकर नामक व्यक्ति अपनी पत्नी और भाई के साथ दोपहिया वाहनों से सिग्नेचर ब्रिज से खजूरी खास की ओर हेरोइन ले जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, तीनों को वजीराबाद रोड पर रोका गया और रोहित के भाई विशाल दिवाकर के बैग से दो किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद मामले में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) थाने में मामला दर्ज किया गया और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान कथित तौर पर मादक पदार्थ प्राप्त करने वाले अफरोज अली को 15 सितंबर को उत्तराखंड के रुड़की से गिरफ्तार किया गया। उसके उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित अपार्टमेंट से 104 ग्राम और हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने 25 सितंबर को ख्याला निवासी चिराग (23) को गिरफ्तार किया। बुराड़ी में उसके कथित ठिकाने से 140 ग्राम और हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि चिराग एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज दो पुराने मामलों में आरोपी है और अंतरिम जमानत पर बाहर था।

पुलिस ने बताया कि छठे आरोपी गौरव को 10 नवंबर को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित संदिग्ध 36,000 रुपये और एक महिंद्रा थार जब्त की गई, जिसे कथित तौर पर मादक पदार्थों के कारोबार से हुई कमाई से खरीदा गया था। पुलिस के अनुसार, कुल बरामदगी में पांच करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन, 73,400 रुपये नकद, दो महिंद्रा थार, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बाकी आपूर्तिकर्ताओं और सहयोगियों को पकड़ने, धन के लेन-देन का पता लगाने तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, यह एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के नवनिर्धारित थाने में दर्ज की गई पहली प्राथमिकी है। यह थाना 10 सितंबर से काम कर रहा है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement