करोल बाग में ध्वस्तीकरण के दौरान इमारत गिरी, एक की मौत, दो जख्मी
नई दिल्ली, शुक्रवार, 21 अगस्त 2026। मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार को ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान दो मंजिला इमारत ढहने से एक मजदूर की मौत हो गई और तीन अन्य जख्मी हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना पूर्वाह्न 11.15 बजे रैगरपुरा में प्यारे लाल रोड पर हुई जहां एक पुरानी इमारत को तोड़ा जा रहा था और इस काम के लिए निजी ठेकेदार ने श्रमिक काम पर लगाए थे। पुलिस ने एक बयान में कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, इमारत मालिकों ने ध्वस्तीकरण कार्य के लिए एक निजी ठेकेदार को काम पर रखा था, लेकिन ढांचे को गिराने के लिए संबंधित एजेंसी से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
इसके मुताबिक, ध्वस्तीकरण के दौरान, इमारत अचानक ढह गई जिससे स्थल पर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। पुलिस और अग्निशमन सेवा के कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने बताया कि शेख शमशाद नाम का मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। बयान में कहा गया है कि उसके शव को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (एलएचएमसी) अस्पताल के शवगृह में भेजा गया है।
एक अन्य मजदूर मोहम्मद अयूब को सिर में चोट लगी और उसका दाहिना हाथ टूट गया। उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में रेफर कर दिया गया जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने कहा कि एक अन्य मजदूर शेख सईद उल भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है और उसे इलाज के लिए जीवन माला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, चौथे मजदूर की पहचान रफीक-उल के रूप में हुई जिसे मामूली चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, बाद में वह अपने घर चला गया। पुलिस ने बताया कि भवन मालिकों और विध्वंस कार्य में शामिल ठेकेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
Similar Post
-
यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा का बड़ा बयान, कहा-विधानसभा चुनाव में जीत जरूरी, सीट नहीं
नई दिल्ली, सोमवार, 05 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नई ...
-
आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के पांच नए न्यायाधीशों ने ली शपथ
अमरावती, सोमवार, 05 अक्टूबर 2026। आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के पांच ...
-
बिहार में बाढ़ : पप्पू यादव का सरकार पर हमला, बोले-गाद नासा ने नहीं, बिहार की व्यवस्था ने जमा की
पटना, सोमवार, 05 अक्टूबर 2026। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश ...
