जयपुर के 14 कोचिंग-पुस्तकालय सील, 24 से ज्यादा संस्थानों को नोटिस

img

जयपुर, मंगलवार, 23 जून 2026। उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत के बाद राजस्थान में जयपुर जिला प्रशासन ने मंगलवार को अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर कोचिंग संस्थानों और पुस्तकालयों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के तहत 14 कोचिंग संस्थानों एवं पुस्तकालयों को सील कर दिया गया जबकि 24 से अधिक संस्थानों को नोटिस जारी किए गए।

नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाकर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास व्यवस्था तथा अनिवार्य अग्नि अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) सहित सुरक्षा मानकों की जांच की। मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र मीणा ने बताया कि चार जून से अब तक हेरिटेज क्षेत्र में लगभग 600 संस्थानों को अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें करीब 150 कोचिंग संस्थान एवं पुस्तकालय शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, कई संस्थान पर्याप्त अग्नि सुरक्षा उपायों के बिना संचालित होते पाए गए, जिसके लिए उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 24 से अधिक कोचिंग संस्थानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर नोटिस जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने बताया कि शहर में बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग संस्थानों में अध्ययन करते हैं और ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान यह जांचा कि अग्निशमन प्रणाली कार्यरत है या नहीं, अग्निशमन उपकरणों की वैधता समाप्त तो नहीं हो चुकी है और आपातकालीन निकास मार्ग सुगम और उपयोग योग्य हैं या नहीं। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण और प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement