केरल की 16वीं विधानसभा का सत्र शुरू, नवनिर्वाचित विधायकों ने ली शपथ

img

नई दिल्ली, गुरुवार, 21 मई 2026। केरल विधानसभा की 16वीं विधानसभा की पहली बैठक गुरुवार सुबह नौ बजे यहां विधानसभा परिसर में शुरू हुई, जिसमें नवनिर्वाचित विधायकों ने अस्थायी अध्यक्ष जी. सुधाकरन की देखरेख में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधायकों को वर्णक्रम के अनुसार शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन, विपक्ष के नेता पिनराई विजयन तथा सत्तारूढ़ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ), वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सदस्य उपस्थित थे। वर्ष 2026 केरल विधानसभा चुनाव के बाद नयी विधानसभा के गठन को औपचारिक रूप देने के लिए यह बैठक आयोजित की गयी।

बैठक शुरू होने से पहले सत्तापक्ष के वरिष्ठतम विधायक जी. सुधाकरन ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से शपथ लेने के बाद अस्थायी अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य वरिष्ठ नेताओं के उनसे पहले शपथ लेने को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि उनकी ऐसी बहसों में कोई रुचि नहीं है और वह सभी विधायकों को समान दृष्टि से देखते हैं। नयी विधानसभा की पहली बैठक केवल शपथ ग्रहण के लिए बुलाई गई थी। सदन की शुक्रवार को पुनः बैठक होगी, जिसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर का अभिभाषण 29 मई को होगा, जबकि अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा एक से तीन जून तक चलेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित तीन विधायक राजीव चंद्रशेखर, वी. मुरलीधरन और बी. बी. गोपाकुमार पलायम स्थित शहीद स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद विधानसभा पहुंचे। भाजपा ने अपने विधायकों के शपथ ग्रहण को केरल की राजनीति में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए राज्यभर में समारोह आयोजित करने की भी योजना बनायी है। भाजपा के केरल प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और पूर्व केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन वर्ष 2026 विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त करने वाले प्रमुख भाजपा नेताओं में शामिल हैं। श्री बी. बी. गोपाकुमार की चथन्नूर से जीत कोल्लम जिले में भाजपा की पहली विधानसभा सीट मानी जा रही है। इस बीच, भाजपा ने शुक्रवार को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए चथन्नूर विधायक बी. बी. गोपाकुमार को अपना उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है।

 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement