सेना प्रमुख 30 मई को एनडीए में करेंगे पासिंग आउट परेड का निरीक्षण
मुंबई, बुधवार, 20 मई 2026। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी 30 मई को पुणे में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के 150वें बैच की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण करेंगे। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी। बयान के अनुसार यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम पुणे के खड़कवासला इलाके में एनडीए के खेत्रपाल परेड ग्राउंड में होगा। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी निरीक्षण अधिकारी के रूप में परेड का निरीक्षण करेंगे। बयान में कहा गया है कि सेना, नौसेना और वायु सेना के लगभग 355 कैडेट 2026 के 'स्प्रिंग टर्म' के भव्य औपचारिक परेड के दौरान 'पास आउट' होने वाले हैं, जो अकादमी में दिए गए कठोर सैन्य और शैक्षणिक प्रशिक्षण की सफल परिणति का प्रतीक होगा। पासिंग आउट परेड से पहले, 150वें बैच का दीक्षांत समारोह 29 मई को एनडीए के हबीबुल्लाह हॉल में होगा। पुडुचेरी की उपराज्यपाल रह चुकीं पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगी और स्नातक कैडेटों को संबोधित करेंगी।
सैन्य नेतृत्व को तराशने के लिए विख्यात एनडीए देश का प्रमुख त्रि-सेवा प्रशिक्षण संस्थान और विश्व की सर्वश्रेष्ठ सैन्य अकादमियों में से एक है। यह कैडेटों को रक्षा बलों में नेतृत्व की भूमिकाओं के लिए तैयार करने हेतु कठोर सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ अकादमिक और चरित्र निर्माण प्रशिक्षण भी प्रदान करता है। बयान में कहा गया है कि पासिंग आउट परेड में एक प्रभावशाली सैन्य परेड, टुकड़ियों का निरीक्षण, पदक और पुरस्कारों का वितरण, सैन्य विमानों और हेलीकॉप्टरों द्वारा फ्लाई-पास्ट और स्नातक होने वाले कैडेटों द्वारा पारंपरिक 'अंतिम पग' समारोह शामिल होगा।
Similar Post
-
चंद्रिमा भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट के बंगाल प्रमुख पद से इस्तीफा दिया
कोलकाता, शनिवार, 04 जुलाई 2026। तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी ...
-
हरियाणा के करनाल में कृषि-रसायन कारखाने में भीषण आग लगी
चंडीगढ़, शनिवार, 04 जुलाई 2026। हरियाणा के करनाल में शनिवार को ए ...
-
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव के बाद बदलाव निश्चित है : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल
देहरादून, शनिवार, 04 जुलाई 2026। उत्तराखंड में कांग्रेस की 'पर ...
