उप्र : मंत्रिमंडल ने दी ग्रेटर नोएडा में 'मेट्रो विश्वविद्यालय' की स्थापना को मंजूरी
लखनऊ, मंगलवार, 07 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने एक महत्वपूर्ण फैसले के तहत ग्रेटर नोएडा में निजी क्षेत्र के अंतर्गत 'मेट्रो विश्वविद्यालय' की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के प्रावधानों के तहत लिया गया है।
उन्होंने बताया कि अधिनियम के तहत निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना, उनके विनियमन एवं संचालन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उपाध्याय ने बताया कि प्रायोजक संस्था 'सनहिल हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड नोएडा' द्वारा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से आवंटित 26.1 एकड़ भूमि पर 'मेट्रो विश्वविद्यालय' स्थापित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था, जिसे विधिक प्रावधानों के अनुरूप परीक्षण के बाद स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 की अनुसूची में संशोधन करते हुए 'उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2026' लागू किए जाने तथा प्रायोजक संस्था को संचालन प्राधिकार-पत्र निर्गत करने का निर्णय लिया गया है। उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना से प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे तथा युवाओं को आधुनिक एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Similar Post
-
परिसीमन विधेयक में द्रमुक की मुख्य मांगें शामिल, इसलिए पार्टी इसका समर्थन करेगी: स्टालिन
चेन्नई, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प् ...
-
उत्तराखंड में भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था बिगड़ी, भ्रष्टाचार चरम पर: कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह
देहरादून, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अ ...
-
शिवकुमार महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर केरलम और तेलंगाना के समकक्षों से चर्चा करेंगे
बेंगलुरु, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
