राजस्थान में सड़क हादसों में पुलिस उपनिरीक्षक सहित चार लोगों की मौत
जयपुर, शनिवार, 04 अप्रैल 2026। राजस्थान में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पुलिस के एक उपनिरीक्षक (एसआई) समेत चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, भरतपुर जिले में तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। यह हादसा शुक्रवार रात गोपालगढ़ के पास हुआ जब एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर भाई-बहन और नाबालिग लड़का सवार थे। चश्मदीदों ने बताया कि वाहन ने मोटरसाइकिल को कुछ मीटर तक घसीटा और हादसे के बाद चालक कार को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। मृतकों की पहचान नजाकत अली (28), उनकी बहन मुस्सी (38) और उनके बेटे मोनीस (15) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि तीनों अंधवारी गांव के पास रुके थे और मोटरसाइकिल से उतरने ही वाले थे कि कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। मुस्सी और मोनीस की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नजाकत ने अलवर के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एक अन्य हादसे में करौली जिले के सपोटरा पुलिस थाने में तैनात उपनिरीक्षक हनुमान मीणा (55) की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार सुबह जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे पर आंधी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नांगल बेला गांव के पास हुआ जब कार एक ट्रक में पीछे से जा टकराई। इसमें दो कांस्टेबल और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए और उन्हें दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी गोपाल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार संभवत: कार चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ। हालांकि ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लगाना भी हादसे की वजह हो सकता है।
Similar Post
-
चंद्रिमा भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट के बंगाल प्रमुख पद से इस्तीफा दिया
कोलकाता, शनिवार, 04 जुलाई 2026। तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी ...
-
हरियाणा के करनाल में कृषि-रसायन कारखाने में भीषण आग लगी
चंडीगढ़, शनिवार, 04 जुलाई 2026। हरियाणा के करनाल में शनिवार को ए ...
-
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव के बाद बदलाव निश्चित है : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल
देहरादून, शनिवार, 04 जुलाई 2026। उत्तराखंड में कांग्रेस की 'पर ...
