कानपुर में मालगाड़ी पटरी से उतरी, तीन दर्जन ट्रेन प्रभावित
कानपुर (उप्र, बुधवार, 15 अक्टूबर 2025। कानपुर जिले के पनकी यार्ड के पास मंगलवार की रात एक मालगाड़ी के दो पहिये पटरी से उतर जाने के कारण दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर ट्रेन परिचालन कुछ घंटों के लिए ठप रहा।रेलवे के प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के कारण दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर यातायात लगभग दो घंटे तक बाधित रहा। इस दौरान राजधानी, गरीब रथ, श्रम शक्ति एक्सप्रेस, पुष्पक और महाबोधि एक्सप्रेस सहित तीन दर्जन से अधिक ट्रेन विलंब से चलीं। उन्होंने बताया कि जांच के लिए एक समिति गठित की गई है और जांच के बाद ही घटना के असल कारण का पता लगेगा। सिंह ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब माल उतारकर लौट रही मालगाड़ी को उत्तर से दक्षिण लाइन पर भेजा जा रहा था। उन्होंने बताया कि पटरी के क्रॉसओवर (कैंची) बिंदु से गुजरते वक्त उसके दो पहिये पटरी से उतर गये और इंजन अचानक रुक गया तथा एक बड़ा हादसा टल गया।
उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने पर बचाव एवं तकनीकी दल घटनास्थल पर पहुंचे। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रात लगभग साढ़े 12 बजे तक तीसरी और चौथी लाइन पर आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई ताकि फंसी हुई यात्री रेलगाड़ियों को निकाला जा सके। कानपुर और प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने रात भर रेल परिचालन की निगरानी की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि रात ढाई बजे के बाद ट्रेन सेवाएं धीरे-धीरे बहाल कर दी गईं।
Similar Post
-
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
नोएडा, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के नोएडा में भारती ...
-
आईएएस अधिकारी सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव
जम्मू, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। एजीएमयूटी कैडर के भारतीय प्रशास ...
-
उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने बदरीनाथ और केदारनाथ में पूजा-अर्चना की
गोपेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज् ...
