कोलकाता के खिदिरपुर बाजार में आग लगी, कोई हताहत नहीं
कोलकाता, सोमवार, 16 जून 2025। दक्षिण-पश्चिम कोलकाता के भीड़भाड़ वाले खिदिरपुर बाजार के कुछ हिस्सों में सोमवार तड़के आग लग गयी, जिसमें सैकड़ों दुकानें जलकर खाक हो गयीं और स्थानीय व्यापारियों के बीच अफरातफरी मच गयी। अधिकारियों ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना देर रात दो बजकर पांच मिनट पर मिली और सुबह छह बजे तक उस पर काबू पा लिया गया। हालांकि, जिन जगहों पर आग लगी थी, वहां से धुआं अब भी उठ रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने दावा किया कि 150 साल पुराने बाजार में 1,200 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गयी। बहरहाल, अधिकारियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि घटना से कितना नुकसान हुआ है। घटना से परेशान एक व्यापारी ने जले हुए सामान और दुकानों की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘विराट क्षति।’’
एक वरिष्ठ दमकल अधिकारी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने का संदेह है। आसपास के गोदामों में बोरे, तेल और मक्खन जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ की उपस्थिति के कारण आग की लपटें तेज हो गईं, जो कथित तौर पर ऊपरी मंजिलों से नीचे की ओर तेजी से फैल गईं। एक स्थानीय पार्षद ने बताया कि लगभग छह दशकों से मौजूद इस बाजार को हाल ही में कोलकाता नगर निगम को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले बाजार के कारण अग्निशमन अभियान में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने बताया, ‘‘गलियों में दमकल गाड़ियों को लाना एक बड़ी चुनौती थी।’’ स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ियां काफी देरी से पहुंचीं। एक दुकानदार ने कहा, ‘‘हमने आग लगने के तुरंत बाद उन्हें सूचना दे दी थी लेकिन वे करीब दो घंटे बाद पहुंचे। जब वे आग बुझाने लगे तो पानी का दबाव बहुत कम था और आपूर्ति 10 मिनट में ही खत्म हो गयी।’’ उन्होंने दावा किया कि दमकल की दूसरी गाड़ी आधे घंटे बाद पहुंची लेकिन उसका पानी भी जल्द ही खत्म हो गया।
बहरहाल, इन आरोपों की पुष्टि नहीं की जा सकी है। सोमवार सुबह घटनास्थल का दौरा करने वाले पश्चिम बंगाल के अग्निशमन एवं आपात सेवा मंत्री सुजीत बोस को अग्निशमन कार्यों में देरी को लेकर पीड़ित दुकानदारों का रोष झेलना पड़ा। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘यह भीड़भाड़ वाला इलाका है और हमारे कर्मियों को शुरुआत में घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लेकिन हमने स्थिति को काबू में कर लिया।’’ अधिकारियों ने बताया कि इस बीच, शहर के बेहाला इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में भी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की सूचना मिली। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
Similar Post
-
हैदराबाद में ‘इंडिया’ के घटक दलों ने सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली निकाली
हैदराबाद, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। तेलंगाना में कांग्रेस के ने ...
-
भारत ने सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों पर हुए हमलों की निंदा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। भारत ने बृहस्पतिवार को सऊद ...
-
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री मोदी पर ‘लोकतंत्र की हत्या करने’ का आरोप लगाया
बेंगलुरु, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) क ...
