दिल्ली में बारिश के कारण यातायात बाधित
नई दिल्ली, गुरुवार, 04 जुलाई 2024। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बृहस्पतिवार सुबह और फिर दोपहर के आसपास बारिश हुई, जिसके कारण कई क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे जारी अपनी अधिसूचना में बताया कि अगले दो घंटों में दक्षिणी दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली (अक्षरधाम, लोदी रोड, नेहरू स्टेडियम, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, मालवीय नगर, कालकाजी, तुगलकाबाद, ईस्ट ऑफ कैलाश, छतरपुर, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्र, आयानगर और डेरामंडी) के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे की अवधि में प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग में 9.2 मिमी, लोधी रोड पर 7.4 मिमी, रिज पर 5.6 मिमी, पालम में 17.4 मिमी और आयानगर में 40.8 मिमी बारिश हुई। राजधानी के विभिन्न इलाकों में बारिश होने के बाद सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री कम है। मौसम विभाग ने दिन में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 94 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 78 दर्ज किया गया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। शून्य और 50 के बीच एक एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
Similar Post
-
कॉजपा के प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और वकीलों पर पुलिस कार्रवाई की एससीबीए ने निंदा की
नई दिल्ली, बुधवार, 22 जुलाई 2026। उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन ( ...
-
जौहर विश्वविद्यालय की इमारतें ध्वस्त करने का आदेश 'विवेकहीन फैसला' : थरूर
नई दिल्ली, बुधवार, 22 जुलाई 2026। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने उत्त ...
-
राहुल गांधी की हिरासत लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला : गोवा कांग्रेस
पणजी, बुधवार, 22 जुलाई 2026। गोवा में कांग्रेस नेताओं ने बुधवार ...
