देहरादून में बादल फटने से नदियों में उफान, पुल बहे
देहरादून, शनिवार, 20 अगस्त 2022। देहरादून के एक गांव में शुक्रवार की देर रात बादल फटने से नदियां उफना गईं और पुल पानी में बह गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि टोंस नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर टपकेश्वर महादेव की गुफाओं में भी पानी भर गया। अधिकारियों के मुताबिक, रायपुर इलाके के सारखेत गांव में शुक्रवार देर रात करीब सवा दो बजे बादल फटा। उन्होंने बताया कि सोंग नदी पर बना एक पुल बह गया और मसूरी के पास स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल केम्प्टी फॉल्स में भी पानी खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थानो के निकट प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और अधिकारियों को वाहनों की आवाजाही बहाल करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आपदा राहत दल प्रभावित इलाकों में पहले से ही काम कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर सेना की मदद भी ली जा सकती है।’’ धामी के साथ रायपुर से विधायक उमेश शर्मा काऊ और गढ़वाल के आयुक्त सुशील कुमार भी मौजूद थे। मसूरी से विधायक गणेश जोशी और देहरादून की जिलाधिकारी सोनिका ने भी प्रभावित इलाकों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया।
टिहरी जिले के कीर्तिनगर इलाके में एक मकान में मलबा घुस जाने से 80 वर्षीय एक महिला उसमें फंस गई। बादल फटने के बाद 12 से अधिक गांवों के घरों में कीचड़ घरों में घुस गया, जिसके बाद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने के कारण मालदेवता, भुत्सी, तौलियाकताल, थाट्युद, लावरखा, रिंगालगढ़, धुट्टू, रगड़ गांव और सारखेत समेत कई गांव प्रभावित हुए हैं। धनोल्टी के उप-मंडलीय मजिस्ट्रेट लक्ष्मी राज चौहान ने बताया कि प्रभावित निवासियों को स्कूलों और पंचायत भवनों में स्थानांतरित कर दिया गया है। चौहान के अनुसार, रायपुर-कुमाल्डा मोटर मार्ग कई स्थानों पर मलबे के कारण अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-बद्रीनाथ राजमार्ग तोताघाटी में, ऋषिकेश-गंगोत्री राजमार्ग नागणी में और नरेंद्रनगर-रानीपोखरी मोटर मार्ग कई बिंदुओं पर अवरुद्ध है।
Similar Post
-
वायुसेना ने लोक कल्याण मार्ग पर 39.5 एकड़ वाला खेलकूद परिसर केंद्र सरकार को लौटाया
नई , शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026। भारतीय वायु सेना ने खेलकूद परिस ...
-
गुजरात: चीनी मिल में पानी की दो ऊंची टंकियां ढहने से दो लोगों की मौत
तापी, शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026। गुजरात के तापी जिले में चीनी की ए ...
-
दिल्ली पुलिस ने 2026 में ड्यूटी के दौरान घायल हुए कर्मियों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की
नई दिल्ली, शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026। दिल्ली पुलिस ने इस वर्ष कान ...
