यूक्रेन से लोगों की वापसी को एयर इंडिया की विशेष उड़ान रवाना

नई दिल्ली, मंगलवार, 22 फरवरी 2022। यूूक्रेन और रूस के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर मंगलवार को एयर इंडिया की विशेष फ्लाइट यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए रवाना हो चुकी है। यह उन तीन उड़ानों में से पहली है, जिन्हें भारत-यूक्रेन (बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे) के बीच संचालित किए जाने की घोषणा एयर इंडिया ने पिछले हफ्ते की थी। एयर इंडिया की यह विशेष फ्लाइट सुबह साढ़े सात बजे दिल्ली से रवाना हुई और इसके रात में करीब 10.15 तक लौटने की उम्मीद है। यूक्रेन से देशवासियों को वापस लाने के लिए एयर इंडिया की अगली फ्लाइट 24 और 26 फरवरी को उड़ान भरेगी।
एयरलाइन के एक अधिकारी ने यूनीवार्ता को बताया कि यूक्रेन से भारतीयों की वापसी को ध्यान में रखते हुए अगले सप्ताह और उड़ानें संचालित की जा सकती हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा पिछली रात पूर्वी यूक्रेन के दो अलगाववादी क्षेत्रों को मान्यता दिए जाने की सूचना मिलने के कुछ घंटे बाद भारतीयों को यूक्रेन से वापस लाने का यह कदम उठाया गया। पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन के डोनेट्स्क और लुहान्स्क को दो अलग-अलग देशों के रूप मान्यता देने का ऐलान करने के बाद यहां सेनाओं की तैनाती करने के भी निर्देश दिए, जिससे संकट की संभावनाएं और तेज हो गई हैं।
फ्रांस, जर्मनी और अमेरिका सहित अन्य देशों ने भी रूस के इस कदम पर गहरी चिंता व्यक्त की है, जिससे आने वाले समय में यूरोप में तनाव और बढ़ सकता है। भारत ने पिछले हफ्ते ही यूक्रेन में रह रहे अपने नागरिकों को यहां से निकलने की सलाह दी थी क्योंकि रूसी सेनाओं के हमले की संभावनाएं अब काफी बढ़ गई हैं। भारत ने यूक्रेन के अपने छात्रों को देश से भेजे जा रहे चार्टर विमानों के बारे में सटीक जानकारी पाने के लिए संबंधित स्टूडेंट कॉन्ट्रैक्टर्स के संपर्क में रहने को कहा है।


Similar Post
-
गहलोत ने राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें अर्पित की श्रद्धांजलि
जयपुर, शनिवार, 21 मई 2022। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत न ...
-
बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा, छह मरे
बलरामपुर, शनिवार, 21 मई 2022। उत्तर प्रदेश में बलरामपुर जिले के ...
-
आतंकवाद के सभी रूपों के उन्मूलन का प्रण लें मानवता: नायडू
नई दिल्ली, शनिवार, 21 मई 2022। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने ...