परिसीमन विधेयक लोकतंत्र और एससी-एसटी के हितों के खिलाफ, पुरजोर विरोध करेंगे: ‘इंडिया’ गठबंधन

img

नई दिल्ली, शनिवार, 28 नवम्बर 2026। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पास सत्ता बनाए रखने तथा लोकतंत्र को खत्म करने के मकसद से ये विधेयक ला रही है। इसने यह भी कहा कि ये विधेयक अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के हितों क खिलाफ हैं तथा इनका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने आवास पर आयोजित विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं की की बैठक के बाद संवाददाताओं कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा सत्ता को अपने हाथ में केंद्रित रखने की है और इससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होगी। खरगे ने कहा कि संविधान में आरक्षण से संबंधित प्रावधानों के तहत लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ने पर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी)के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में भी उसी अनुपात में वृद्धि होनी चाहिए थी, लेकिन प्रस्तावित विधेयकों में इन वर्गों के हितों का उचित ध्यान नहीं रखा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि ताजा जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन किया जाता है तो एससी और एसटी समुदायों की हिस्सेदारी बढ़ सकती है, लेकिन सरकार ऐसा नहीं चाहती और इन वर्गों को उनका उचित प्रतिनिधित्व देने से बच रही है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में निष्पक्ष परिसीमन की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि ज्ञानेश कुमार तो ‘‘अपराधी की श्रेणी में आते हैं।’’ उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय कर सकती है। उनके मुताबिक, सामान्य सीटों को आरक्षित और आरक्षित सीटों को सामान्य सीटों में बदलने की आशंका भी है। खरगे ने मतदाता सूची से 10 करोड़ से अधिक लोगों के नाम हटाए जाने का दावा करते हुए कहा कि अब परिसीमन की जिम्मेदारी भी ज्ञानेश कुमार के हाथों में दी जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर सकती है।  कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस साल अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने में विफल रहने के बाद सरकार ने विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश की। खरगे ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) को तोड़ने की कोशिशें भी इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रस्तावित विधेयकों से देश को बड़ा नुकसान हो सकता है और लोकतंत्र कमजोर होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) सत्ता को अपने नियंत्रण में रखना चाहते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि सरकार को फिर से पर्याप्त बहुमत मिल गया तो संविधान में भी बदलाव किए जा सकते हैं। खरगे ने कहा, ‘‘हम इस संविधान संशोधन विधेयक का विरोध करेंगे। यह विधेयक एससी और एसटी के हित में नहीं है और लोकतंत्र को खत्म करने की दिशा में उठाया गया कदम है। हम सभी विपक्षी दल मिलकर इसका विरोध करेंगे।’’ इससे पहले, संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी के बीच विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं ने शनिवार को खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर बैठक कर अपनी रणनीति पर चर्चा की।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में प्रस्तावित विधेयकों के विभिन्न प्रावधानों, उनके संवैधानिक एवं राजनीतिक प्रभावों और संसद में सरकार की पहल का विरोध करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और जयराम रमेश, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन सहित विभिन्न विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। द्रमुक, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल को भी बैठक में आमंत्रित किया गया था, हालांकि इन तीनों दलों का कोई प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हुआ।

द्रमुक ने महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया है। उसके इस रुख से सरकार को संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में मदद मिल सकती है।  दरअसल, केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सदनों की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव किया है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 किए जाने का प्रावधान है।

प्रस्ताव में नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने की बात भी कही गई है। सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है। इसी उद्देश्य से संसद के विशेष सत्र में तीन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। इनमें संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत परिसीमन आयोग के गठन से संबंधित प्रावधान किए जाने हैं। वहीं, संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण का प्रावधान होगा। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित कानूनों में आवश्यक बदलाव के लिए एक अलग विधेयक भी पेश किया जाएगा।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement