कार्तिगई दीपम उत्सव: बारिश की परवाह किये बिना लाखों श्रद्धालुओं ने परिक्रमा की
तिरुवन्नमलाई, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। रुक-रुककर हो रही बारिश और अत्यधिक उमस के बावजूद तमिलनाडु तथा पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंगलवार को वार्षिक कार्तिगई दीपम उत्सव में शामिल होने के लिए तिरुवन्नमलाई पहुंचे। श्रद्धालु उत्तरी तमिलनाडु के इस जिले में पवित्र दीप के प्रज्ज्वलन का साक्षी बनने और ‘गिरिवलम’ यानी पवित्र पहाड़ी की परिक्रमा करने के लिए यहां एकत्र हुए। अन्नामलाई पहाड़ी की 2,668 फुट ऊंची चोटी पर भव्य महा दीपम प्रज्ज्वलित करने की तैयारियों के बीच मंगलवार तड़के चार बजे श्री अरुणाचलेश्वर मंदिर में भरणी दीपम प्रज्ज्वलित किया गया। प्राचीन शैव मंदिर के गर्भगृह में संपन्न हुए इस पावन अनुष्ठान का साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु सूर्योदय से काफी पहले ही मंदिर में एकत्र हो गए थे।
भरणी दीपम का प्रज्ज्वलन भगवान शिव की उस सर्वोच्च ब्रह्मांडीय शक्ति का प्रतीक है, जो पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश के रूप में पंचतत्वों में प्रकट होती है। परंपरागत धार्मिक ध्वजारोहण समारोह के साथ 15 नवंबर को औपचारिक रूप से शुरू हुआ 10 दिवसीय उत्सव मंगलवार शाम पूरी तरह से भव्य रूप ले लेगा। अब सभी की निगाहें अन्नामलाई पहाड़ी की चोटी पर टिकी हैं, जहां शाम छह बजे विशाल महा दीपम प्रज्ज्वलित किया जाना है।
शाम के इस भव्य आयोजन के मद्देनजर विशाल मंदिर परिसर और मुख्य देवालय को भव्य पुष्प सज्जा तथा रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। दिनभर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने के साथ तिरुवन्नमलाई भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है और लाखों श्रद्धालु पवित्र पहाड़ी की चोटी पर महा दीपम प्रज्ज्वलित होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस प्राचीन उत्सव में दक्षिणी राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के अलावा सैकड़ों विदेशी श्रद्धालु भी शामिल होते हैं। लाखों श्रद्धालु भगवान अन्नामलैयार की स्तुति में भजन गाते हुए नंगे पैर 14 किलोमीटर लंबे मार्ग पर चलकर पवित्र पहाड़ी की परिक्रमा करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान अन्नामलैयार यहां स्वयं पहाड़ी के रूप में विराजमान हैं। पवित्र पहाड़ी पर पूर्व में हुई भूस्खलन की घटनाओं के मद्देनजर जिला प्रशासन ने महा दीपम के प्रज्ज्वलन को करीब से देखने के लिए पहाड़ी पर चढ़ने के संबंध में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के कड़े नियम लागू किए हैं।
अत्यधिक भीड़ को रोकने और खड़ी ढलानों वाले क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आम लोगों के पहाड़ी पर चढ़ने पर पूरी तरह रोक है तथा केवल विशेष पास धारकों को ही वहां जाने की अनुमति दी गई है। इसबीच, तिरुवन्नमलाई रेलवे स्टेशन और अस्थायी बस अड्डों पर भारी भीड़ देखी गई। हजारों श्रद्धालु अपने घरों को लौटने के लिए नागरकोइल-काटपाडी एक्सप्रेस समेत विभिन्न परिवहन सेवाओं के वास्ते कतारों में खड़े नजर आए। वहीं, आसपास की सड़कों पर भारी यातायात जाम की स्थिति बनी रही। प्रतिकूल मौसम और आवागमन संबंधी कठिनाइयों के बावजूद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से जारी है, जो कार्तिगई दीपम उत्सव के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाता है।
Similar Post
-
कार्तिगई दीपम उत्सव: बारिश की परवाह किये बिना लाखों श्रद्धालुओं ने परिक्रमा की
तिरुवन्नमलाई, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। रुक-रुककर हो रही बारिश औ ...
-
कोलकाता में सियालदह स्टेशन के पास रेल पटरी का एक हिस्सा धंसा
कोलकाता, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कोलकाता में सियालदह स्टेशन के ...
-
अकाली दल-भाजपा का गठबंधन दिशाहीन, दोनों दल सत्ता के लालच में फिर साथ आए : परगट सिंह
चंडीगढ़, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध् ...
