सुदीप शर्मा के साथ दोबारा काम करने का इंतजार कर रहा था: अभिषेक बनर्जी

img

पणजी, रविवार, 22 नवम्बर 2026। अभिनेता अभिषेक बनर्जी का कहना है कि 'पाताल लोक' में सफलतापूर्वक साथ काम करने के बाद वह निर्माता सुदीप शर्मा के साथ दोबारा काम करने का इंतजार कर रहे थे और जब उन्हें आगामी सीरीज 'पुष्पक विमान' में काम मिला, तो वह बहुत खुश हुए। बनर्जी और उनके सह-कलाकार बरुण सोबती ने शनिवार शाम यहां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में सीरीज के पहले दो एपिसोड की विशेष स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया।  अभिषेक बनर्जी ने 2020 में आई सुदीप शर्मा की चर्चित सीरीज 'पाताल लोक' के पहले सीजन में भाड़े के हत्यारे हथौड़ा त्यागी का किरदार निभाया था। इस भूमिका के लिए उन्हें काफी तारीफ मिली थी। उन्होंने कहा कि वह इसके बाद से ही लेखक-निर्देशक सुदीप शर्मा के साथ दोबारा काम करने का इंतजार कर रहे थे।

अभिनेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मैंने उनके साथ काफी समय पहले काम किया था और उस पल का इंतजार कर रहा था, जब वह मुझे दोबारा फोन करेंगे। एक समय तो मुझे खुद पर शक होने लगा था। मैं सोचता था कि क्या मैं ठीक से काम नहीं कर रहा? क्या इसी वजह से वह मुझे फोन नहीं कर रहे या कोई भूमिका नहीं दे रहे?” 'स्त्री' फिल्म के अभिनेता ने बताया कि उन्होंने सुदीप शर्मा को उनकी एक और चर्चित सीरीज 'कोहरा' में भी काम देने के लिए मनाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, “मैंने उनसे कहा था कि मुझे पंजाबी बोलनी आती है और उन्हें 'कोहरा' में मुझे कोई भूमिका देनी चाहिए। लेकिन वह मुझे काम देने के लिए तैयार नहीं थे। मैं बहुत खुश हूं कि आखिरकार उन्होंने मुझे अपनी सीरीज में काम दिया।”

'कोहरा' के दो सीजन में सुदीप शर्मा के साथ काम कर चुके बरुण सोबती ने कहा कि वह 'पुष्पक विमान' से इसलिए जुड़े, क्योंकि कई गंभीर प्रोजेक्ट करने के बाद हास्य पर आधारित काम करना चाहते थे। उन्होंने कहा, “मैं टेलीविजन पर कुछ अलग देखना चाहता हूं, क्योंकि हर चीज बहुत गंभीर है और लगभग सभी की कहानी एक जैसी है। इसलिए कॉमेडी एक अलग तरह की शैली है।” ‘पुष्पक विमान’ एक क्राइम-कॉमेडी सीरीज है, जिसे सुदीप शर्मा ने लेखक अभिषेक बनर्जी के साथ मिलकर बनाया है। यह सीरीज सुदीप शर्मा की गंभीर और अपराध पर आधारित ड्रामा सीरीज से अलग है। भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का समापन 28 नवंबर को होगा।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement