जयपुर स्थापना दिवस पर शहर में उत्सव का माहौल, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा, गंगापोल दरवाजे पर हुआ गणेश पूजन

img

जयपुर, बुधवार, 19 नवम्बर 2026। जयपुर स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को पूरे शहर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। इस मौके पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई और गंगापोल दरवाजे पर क्रेन की मदद से भगवान गणेश का पूजन किया गया। शहनाई और नगाड़ों की गूंज के बीच हुए कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों ने हिस्सा लिया। स्थापना दिवस के तहत शहर के प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर शहनाई वादन किया गया। इसके बाद गोविंददेवजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। वहीं, शाम पांच बजे स्टेच्यू सर्किल पर हजारों दीपक जलाकर स्थापना दिवस मनाया जाएगा।

महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि भगवान गणेश की पूजा कर जयपुर की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आपसी भाईचारे की कामना की गई है। उन्होंने शहरवासियों से प्रेम और सद्भाव बनाए रखने तथा शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जयपुर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने के लिए मिलकर काम किया जाएगा। अगले दो वर्षों में शहर को बेहतर बनाने का प्रयास है। जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने भी लोगों से स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत मंगलवार को मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भगवान गणेश को निमंत्रण देने के साथ हुई थी। महापौर सुनील कोठारी और उपमहापौर सरोज कंवर ने पार्षदों के साथ मंदिर पहुंचकर निमंत्रण दिया था। मंगलवार शाम बिरला ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इसमें कवि हरिओम पंवार, एहसान कुरैशी, दिनेश रघुवंशी, सुरेश अलबेला, प्रियांशु गजेंद्र, राव अजातशत्रु और कवयित्री दीपिका माही ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों ने हास्य, व्यंग्य, वीर रस और देशभक्ति की कविताओं के जरिए श्रोताओं का मनोरंजन किया। सम्मेलन में समसामयिक मुद्दों पर भी कटाक्ष किए गए।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement