केरलम : शबरिमला मंदिर में स्वच्छता के लिए 1,000 कर्मियों की तैनाती

img

पत्तनमथिट्टा, बुधवार, 19 नवम्बर 2026। केरलम के शबरिमला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर और अन्य तीर्थस्थलों पर मंडलम तीर्थयात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए 1,000 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। ‘विशुद्धि सेना’ के नाम से पहचाने जाने वाले इन सफाईकर्मियों को स्वच्छता सोसाइटी ने तैनात किया है। इनका काम निलक्कल, पंपा, सन्निधानम (मंदिर परिसर) और अन्य तीर्थस्थलों को साफ-सुथरा रखना तथा कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना है। एक बयान के अनुसार, पत्तनमथिट्टा के जिलाधिकारी ए निजामुद्दीन की अध्यक्षता वाली सोसाइटी इस अभियान का समन्वय कर रही है। अडूर के राजस्व मंडल अधिकारी (आरडीओ) इसके सदस्य सचिव हैं।

कुल 1,000 सफाईकर्मियों में से 300 को सन्निधानम, 250 को पंपा, 420 को निलक्कल, 20 को पंडालम और 10 को कुलनाडा में तैनात किया गया है। ये सफाई और कचरा प्रबंधन का काम संभालेंगे। बयान में कहा गया है कि इनमें से अधिकतर सफाईकर्मी अयप्पा सेवा संघम की मदद से तमिलनाडु के सेलम से आए हैं। उनकी मुख्य जिम्मेदारी शबरिमला और आसपास के इलाकों से प्लास्टिक तथा जैव अपघटनीय कचरे को समय पर एकत्र करना और हटाना है।

पहाड़ी मंदिर का प्रबंधन करने वाले त्रावणकोर देवास्वोम बोर्ड (टीडीबी) ने दुकानों के सामने और तीर्थयात्रियों के रास्तों में कई जगह कूड़ेदान लगाए हैं। सूचना पट्ट भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से श्रद्धालुओं से जैव अपघटनीय और गैर-जैव अपघटनीय कचरे को अलग-अलग करके निर्धारित कूड़ेदानों में डालने की अपील की गई है। सन्निधानम के ड्यूटी मजिस्ट्रेट एम बिपिन कुमार ने बताया कि सन्निधानम में सफाई अभियान को 15 हिस्सों में बांटा गया है और प्रत्येक हिस्से के लिए सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई है। कुमार ने बताया कि वह स्वयं सफाई अभियान की दैनिक प्रगति पर नजर रखते हैं, जबकि जिलाधिकारी ने सभी 15 हिस्सों के लिए एक-एक खंड अधिकारी नियुक्त किया है। इन अधिकारियों की नियुक्ति बारी-बारी से की जाती है और प्रत्येक का कार्यकाल 10 दिन का होता है।

बयान के अनुसार, कूड़ेदानों के भरने पर विशुद्धि सेना के कर्मचारी उन्हें खाली करते हैं। कचरे को हटाने के लिए अडूर के आरडीओ की निगरानी में पांच ट्रैक्टर उपलब्ध कराए गए हैं। देवास्वोम बोर्ड के अध्यक्ष के. जयकुमार ने हाल में हुई समीक्षा बैठक में कहा था कि कचरे की मात्रा और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर बोर्ड अतिरिक्त ट्रैक्टर उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। एक हजार सफाईकर्मियों की यह तैनाती जनवरी में होने वाले मकरविलक्कु उत्सव तक जारी रहेगी। कर्मचारियों को वर्दी, जूते, चप्पल, दस्ताने, साबुन और नारियल तेल उपलब्ध कराए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रा की पूरी अवधि के दौरान उनकी सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी। भगवान अयप्पा मंदिर में मंडलम तीर्थयात्रा मंगलवार से शुरू हुई।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement