भारत, जापान तोक्यो में 2+2 मंत्रिस्तरीय बातचीत करेंगे
नई दिल्ली, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। भारत और जापान इस हफ्ते तोक्यो में अपने विदेश और रक्षा मंत्रियों की वार्ता (2+2) का चौथा संस्करण आयोजित करेंगे, जिसमें दोनों पक्ष द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं का जायजा लेंगे तथा एक मुक्त एवं नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्यु मोटेगी के साथ 2+2 मंत्रिस्तरीय बातचीत की सह-अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कहा, “बातचीत में द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं का जायजा लिया जाएगा, क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा और एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी तथा नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया जाएगा।” एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजनाथ 18-19 नवंबर को जापान की अपनी यात्रा के दौरान कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और यह इस साल दोनों मंत्रियों के बीच तीसरी बैठक होगी।
उन्होंने कहा, “अगस्त में नयी दिल्ली में हुई बातचीत और अक्टूबर में फिलिपीन के सेबू में आयोजित ‘आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस’ के दौरान हुई चर्चाओं से बनी सकारात्मक गति को आगे बढ़ाते हुए, दोनों मंत्री रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त अभ्यास के दायरे एवं जटिलता को बढ़ाने तथा औद्योगिक साझेदारियों को और गहरा करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।” रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत और जापान के बीच एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और समान रणनीतिक हितों पर आधारित है। उसने कहा कि आगामी यात्रा का मकसद द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच बेहतर अभियानगत एवं औद्योगिक तालमेल के लिए रूपरेखा तैयार करना है।
Similar Post
-
अमेरिकी बैंड ‘गन्स एन’ रोजेज’ 17 नवंबर को असम के गुवाहाटी में प्रस्तुति देगा
गुवाहाटी, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। मशहूर अमेरिकी हार्ड रॉक बैंड ...
-
भारत, जापान तोक्यो में 2+2 मंत्रिस्तरीय बातचीत करेंगे
नई दिल्ली, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। भारत और जापान इस हफ्ते तोक्य ...
-
‘शीश महल’ को आम जनता के लिए खोलने की घोषणा यमुना प्रदूषण से ध्यान भटकाने की कोशिश : आप
नई दिल्ली, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवा ...
