‘शीश महल’ को आम जनता के लिए खोलने की घोषणा यमुना प्रदूषण से ध्यान भटकाने की कोशिश : आप
नई दिल्ली, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास रहे भवन को आम जनता के लिए खोलने की घोषणा यमुना नदी में बढ़ते प्रदूषण के मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास है। ‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश में कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी टिप्पणी की है कि यमुना की सफाई पर भारी भरकम धनराशि खर्च किए जाने के बावजूद नदी पहले से अधिक प्रदूषित हो गई है। इससे पहले, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल के आधिकारिक आवास रहे ‘शीश महल’ को आम जनता के अवलोकन के लिए खोलेगी। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह तक आम लोगों के भ्रमण के लिए अग्रिम आरक्षण की व्यवस्था और टिकट प्रणाली शुरू कर दी जाएगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छह, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित इस बंगले के पुनर्निर्माण में ‘आप’ और केजरीवाल पर कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को उजागर करने के लिए ‘शीश महल’ शब्द का इस्तेमाल करती है। भारद्वाज ने अपने वीडियो संदेश में कहा, ‘‘पिछले एक सप्ताह से यमुना में उठने वाला जहरीला झाग जनता के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रवेश वर्मा को भारी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है। इसलिए अब वह नदी के प्रदूषण से लोगों का ध्यान हटाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री के आवास जैसे पुराने मुद्दों को उठा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि ‘आप’ प्रवेश वर्मा को जवाबदेही से बचकर निकलने नहीं देगी। भारद्वाज ने दोहराया कि उच्चतम न्यायालय ने भी कहा है कि यमुना की सफाई पर इतनी बड़ी धनराशि खर्च किए जाने के बावजूद नदी और अधिक प्रदूषित हो गई है। पिछले वर्ष दिल्ली विधानसभा में पेश भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की एक रिपोर्ट के अनुसार, छह, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले के नवीनीकरण पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जो निर्धारित अनुमानित लागत से 342 प्रतिशत अधिक थे।
Similar Post
-
अमेरिकी बैंड ‘गन्स एन’ रोजेज’ 17 नवंबर को असम के गुवाहाटी में प्रस्तुति देगा
गुवाहाटी, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। मशहूर अमेरिकी हार्ड रॉक बैंड ...
-
भारत, जापान तोक्यो में 2+2 मंत्रिस्तरीय बातचीत करेंगे
नई दिल्ली, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। भारत और जापान इस हफ्ते तोक्य ...
-
‘शीश महल’ को आम जनता के लिए खोलने की घोषणा यमुना प्रदूषण से ध्यान भटकाने की कोशिश : आप
नई दिल्ली, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवा ...
