जद(यू) ने किया संगठन में फेरबदल, विभिन्न राज्यों के लिए नए प्रभारी नियुक्त किए

img

नई दिल्ली, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। जनता दल (यूनाइटेड) ने मंगलवार को संगठन में बदलाव करते हुए 24 नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं, जिनमें राज्यों के प्रभार और पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी शामिल है।पार्टी की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि संगठनात्मक बदलाव के तहत पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें अति पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी भी दी गई है। बयान के मुताबिक, पार्टी के महासचिव अफाक अहमद खान को पार्टी मुख्यालय, पूर्वोत्तर राज्यों और जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बयान में कहा गया है कि विधायक श्याम रजक को महाराष्ट्र और विधायक रामसेवक सिंह को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है।

पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। पूर्व सांसद कहकशां परवीन को महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पूर्व विधायक सुनील कुमार (इंजीनियर) दिल्ली में पार्टी का कामकाज देखेंगे। पूर्व सांसद मौलाना गुलाम रसूल बलियावी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है। राज सिंह मान हरियाणा, मनीष कुमार वर्मा ओडिशा और हर्षवर्धन सिंह गोवा की जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी के महासचिव राजीव रंजन प्रसाद को राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी सचिवों में से एमएलसी रबींद्र प्रसाद सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पूर्व विधायक विद्या सागर निषाद मध्य प्रदेश का कार्यभार देखेंगे। दयानंद राय को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, संजय कुमार को कर्नाटक तथा मोहम्मद निसार को पार्टी मुख्यालय और तमिलनाडु की जिम्मेदारी दी गई है। 

शैलेंद्र कुमार को पंजाब, रूही तागुंग को असम और धर्मेंद्र तिवारी को पश्चिम बंगाल का प्रभार सौंपा गया है, जबकि निवेदिता कुमारी को महिला प्रकोष्ठ (विमेंस विंग) का सह-प्रभारी बनाया गया है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा, पार्टी ने तीन अन्य नेताओं को भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। बिहार के मंत्री श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है, पूर्व सांसद अनिल प्रसाद हेगड़े को पूर्वोत्तर राज्यों का सह-प्रभारी बनाया गया है, जबकि पूर्व विधायक अशोक राम को पार्टी के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

संगठन से जुड़े एक अन्य फैसले में शैलेंद्र कुमार को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश इकाई का प्रभारी राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। कमलेश राज को तत्काल प्रभाव से दिल्ली प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, सुधीर बांका को तत्काल प्रभाव से मध्य प्रदेश प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, पार्टी ने राष्ट्रीय मीडिया पैनल में तीन सदस्यों को शामिल किया है, जिनमें निखिल मंडल, विधायक कोमल सिंह और शालिनी पटेल शामिल हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement