व्यापारियों से ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 20 लोग पकड़े गए
नई दिल्ली, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। दिल्ली पुलिस ने यहां के व्यापारियों को विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे कथित रूप से ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 20 लोगों को पकड़ा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने पालम एक्सटेंशन, सेक्टर 7 में ‘वेब सॉल्यूशंस एक्सपोर्ट’ नाम से संचालित एक कंपनी के कार्यालय पर छापा मारा और 34 मोबाइल फोन, आठ लैपटॉप, 14 सीपीयू, फर्जी प्रमाण पत्र, चेक बुक और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए।
यह कथित गिरोह राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायतों के विश्लेषण के दौरान सामने आया, जिससे पता चला कि ठग म्यूल (कमीशन पर मिलने वाले) बैंक खातों के माध्यम से ठगी की रकम एकत्र कर रहे थे। महाराष्ट्र में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायत में एक कंपनी के नाम पर खोला गया बैंक खाता जांच के दायरे में आया। पुलिस को पता चला कि कंपनी का कार्यालय पालम एक्सटेंशन में है, जहां एक कॉल सेंटर चल रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने कार्यालय में लगभग 20 लोगों को मोबाइल फोन और कंप्यूटर सिस्टम पर काम करते हुए पाया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि आरोपी ‘गूगल लिस्टिंग’,‘बिजनेस-टू-बिजनेस’ पोर्टल और सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से विनिर्माताओं और व्यापारियों को निशाना बनाते थे। अधिकारियों ने बताया कि वे पीड़ितों को विदेशी खरीदार दिलाने वादा करते हुए 5,900 रुपये से शुरू होने वाले सदस्यता प्लान में शामिल करते थे।
उनके मुताबिक, इसके बाद पीड़ितों को कथित विदेशी खरीदारों के नंबर दिए जाते थे, जो वास्तव में उसी कॉल सेंटर के कर्मचारी थे और विदेशी मोबाइल नंबरों के माध्यम से बात करते थे। पुलिस ने बताया कि ये फर्जी खरीदार व्यापारियों को बड़े निर्यात ऑर्डर का लालच देते थे और बाद में विभिन्न अनिवार्य प्रमाणपत्र मांगते थे। अधिकारियों ने बताया कि जब पीड़ित आवश्यक दस्तावेजों के लिए कंपनी से संपर्क करते थे, तो उनसे लाखों रुपये की भारी रकम वसूल की जाती और फर्जी प्रमाणपत्र प्रदान किए जाते। इसके बाद कथित खरीदार अतिरिक्त प्रमाणपत्रों की मांग करते थे, जिससे बार-बार भुगतान करना पड़ता था।
पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें कंपनी के दो बैंक खातों और कॉल सेंटर से मिले एक मोबाइल नंबर से जुड़ी पाई गईं। पुलिस के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया है कि एक व्यक्ति ने पैसे लेकर अपने नाम पर कंपनी पंजीकृत कराने की अनुमति दी थी और उसे हर महीने भुगतान किया जाता था जबकि इसका काम कोई दूसरा व्यक्ति देख रहा था। इसके लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं, जो बिक्री, ग्राहक सहायता, खरीदारों से संपर्क, फर्जी खरीदार तैयार करने और तकनीकी काम संभालती थीं। पुलिस ने बताया कि बरामद वस्तुओं में कंपनी की बिल बुक सहित 23 डायरियां, दो चेक बुक, लेमिनेशन किए गए फर्जी प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज शामिल हैं।
Similar Post
-
व्यापारियों से ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 20 लोग पकड़े गए
नई दिल्ली, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। दिल्ली पुलिस ने यहां के व्याप ...
-
धमकी मामले में अंतरिम राहत अवधि बढ़ाने संबंधी अभिषेक की याचिका पर 20 नवंबर को सुनवाई
कोलकाता, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने सोमवा ...
-
हरियाणा के सोहना चौक पर बनेगा 2.75 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटिड कॉरिडोर
चंडीगढ़, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। हरियाणा के मंत्री रणबीर गंगवा ...
