कर्नाटक: चार नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों ने शपथ ली

img

बेंगलुरु, सोमवार, 17 नवम्बर 2026। कर्नाटक विधान परिषद के चार नवनिर्वाचित सदस्यों - ए. पी. रंगनाथ, शशिल जी. नमोशी, एस. वी. संकनूर और के. एम. सुरेश ने सोमवार को पद की शपथ ली। विधान परिषद के अध्यक्ष सलीम अहमद ने यहां एक सादे समारोह में चारों सदस्यों को शपथ दिलाई। चारों सदस्य अक्टूबर 2026 में विधान परिषद के दो शिक्षक और दो स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुए चुनाव में निर्वाचित हुए थे। जनता दल (सेक्युलर) (जद-एस) के उम्मीदवार रंगनाथ बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए जबकि भाजपा के उम्मीदवार नमोशी, संकनूर और सुरेश क्रमशः उत्तर पूर्व शिक्षक, पश्चिम स्नातक और दक्षिण पूर्व स्नातक सीट से विजयी हुए।

उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर, विधान परिषद की उपाध्यक्ष उमाश्री, परिषद में विपक्ष के नेता चालवाड़ी नारायणस्वामी, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक और एमएलसी टी. ए. शरवाना और एन. रविकुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। विधान परिषद की सचिव ज्योति और नवनिर्वाचित विधायकों के परिवार के सदस्य भी समारोह में शामिल हुए। कर्नाटक में कांग्रेस को एक बड़ा झटका देते हुए जद (एस) ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को सत्तारूढ़ पार्टी से छीन लिया जबकि गठबंधन में उसकी सहयोगी भाजपा ने अन्य तीन सीट पर हुए चुनाव में अपना कब्जा बरकरार रखा।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement