सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में पुलिस के सामने पेश हुए अभिषेक बनर्जी
कोलकाता, शनिवार, 14 नवम्बर 2026। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और गुजराती समुदाय को कथित तौर पर निशाना बनाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में पूछताछ के लिए शनिवार को यहां भवानीपुर थाने में पुलिस के सामने पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी मामले में पूछताछ के लिए जारी नोटिस के जवाब में निर्धारित समय अपराह्न साढ़े 12 बजे से पहले ही थाने पहुंच गए। भवानीपुर निवासी अर्नब कांति दास ने दो मई को बनर्जी के सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक पोस्ट को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर 27 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता ने कुमार को ‘‘बंगाल विरोधी गुजराती गिरोह की कठपुतली’’ बताया था। उन्होंने बनर्जी पर ऐसी टिप्पणियां करने का आरोप लगाया, जिनसे नफरत फैल सकती है और एक विशेष समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है। दास ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बनर्जी की टिप्पणियां गैरजिम्मेदाराना थीं और उनसे सांप्रदायिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंच सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे गुजराती समुदाय को ‘‘गिरोह’’ या आपराधिक समूह बताना इस समुदाय का अपमान है और इससे देश की बहुलतावादी संस्कृति एवं सामाजिक एकजुटता कमजोर होने की आशंका है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने, सार्वजनिक उपद्रव को बढ़ावा देने वाले बयान देने, हिंसा भड़काने और सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि सांसद से भवानीपुर थाने में पूछताछ की जा रही है। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद से तृणमूल कांग्रेस के नेता के खिलाफ पुलिस में कई मामले दर्ज किए गए हैं। बनर्जी विभिन्न मामलों में कई बार पुलिस और अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के सामने पेश हो चुके हैं। पुलिसकर्मी एक अन्य प्राथमिकी के सिलसिले में गिरीश पार्क थाने में पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस देने के लिए शुक्रवार को बनर्जी के आवास पहुंचे थे। इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के नेता पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर धमकी देने का आरोप है। उन्हें 20 नवंबर को गिरीश पार्क थाने में पेश होने के लिए समन जारी किया गया है।
Similar Post
-
कर्नाटक मेकेदातु जलाशय परियोजना पर आगे बढ़ना जारी रखेगा: शिवकुमार
बेंगलुरु, शनिवार, 14 नवम्बर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
-
सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में पुलिस के सामने पेश हुए अभिषेक बनर्जी
कोलकाता, शनिवार, 14 नवम्बर 2026। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय म ...
-
महाराष्ट्र के मंत्री शिरसाट ने आवास पर हमले का आरोप लगाया, पुलिस पर उठाया सवाल
छत्रपति संभाजीनगर, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। महाराष्ट्र के साम ...
