महाराष्ट्र के मंत्री शिरसाट ने आवास पर हमले का आरोप लगाया, पुलिस पर उठाया सवाल

img

छत्रपति संभाजीनगर, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि छत्रपति संभाजीनगर स्थित उनके निजी आवास पर शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने हमला किया। उन्होंने इस मामले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर स्थानीय पुलिस की कड़ी आलोचना की। जिले के संरक्षक (पालक) मंत्री शिरसाट ने दावा किया कि शहर पुलिस आयुक्त का फोन बंद होने और किसी भी वरिष्ठ अधिकारी से संपर्क न हो पाने के कारण उन्हें आधी रात को राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सदानंद दाते को फोन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि तीनों युवकों ने बृहस्पतिवार रात उनके घर के सामने बोतलें फोड़ीं और हंगामा करने की कोशिश की। शिरसाट ने कहा, ‘‘मेरी आपत्ति इस बात पर नहीं है कि क्या हुआ। मुद्दा यह है कि पुलिस इस पर क्या कर रही है? पुलिस आयुक्त का फोन बंद था, और कोई एसीपी या डीसीपी उपलब्ध नहीं था। कम से कम तब तो संज्ञान लें जब एक पालक मंत्री के घर पर हमला हो रहा हो।’’

उन्होंने दावा किया कि शहर में दिनदहाड़े हत्याओं सहित अपराध बढ़ गए हैं, और पुलिस आयुक्त ने इसके प्रति कोई गंभीरता या चिंता नहीं दिखाई है। शिवसेना नेता ने कहा, ‘‘अगर मुझे इसका सामना करना पड़ रहा है, तो एक आम आदमी की दुर्दशा को लेकर सवाल उठता है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, जिनके पास गृह मंत्रालय का प्रभार भी है, के समक्ष यह मुद्दा उठाएंगे और पुलिस आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। इस घटना को लेकर महायुति सरकार की आलोचना करते हुए शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने ‘एक्स’ पर शिरसाट का वीडियो पोस्ट किया और फडणवीस को टैग करते हुए उनसे इस मामले का संज्ञान लेने को कहा।

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया।  ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में वडेट्टीवार ने दावा किया कि महायुति सरकार में अपराधियों को अब कानून का डर नहीं रहा है और राज्य में महिलाएं तथा लड़कियां असुरक्षित हैं, यहां तक कि मंत्रियों के पास भी सुरक्षा नहीं है। उन्होंने पूछा, ‘‘यदि किसी मंत्री को, जिसके आवास पर हमला हुआ है, यह कहते हुए बेबसी जाहिर करनी पड़ रही है कि 'अगर मेरी यह स्थिति है, तो आम लोगों का क्या होगा?', तो महाराष्ट्र में आम नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?’’ राउत ने कहा कि यह घटनाक्रम राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement