दिल्ली यातायात पुलिस ने भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से पहले जारी किया परामर्श

img

नई दिल्ली, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। दिल्ली यातायात पुलिस ने भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) को लेकर शुक्रवार को यातायात परामर्श जारी कर कई प्रमुख सड़कों पर यातायात जाम की आशंका के मद्देनजर यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी। ‘एक्स’ पर जारी परामर्श के अनुसार, मेले के दौरान मथुरा रोड, भैरों मार्ग, रिंग रोड, शेरशाह रोड, पुराना किला रोड, भगवान दास रोड और तिलक मार्ग पर यातायात जाम रहने की आशंका है। कार्यक्रम में नहीं जाने वाले यात्रियों को इन सड़कों से बचने या वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

व्यावसायिक आगंतुकों को 14 से 18 नवंबर तक सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े सात बजे के बीच गेट संख्या 3, 4, 6 और 10 से प्रवेश की अनुमति होगी। टिकट ऑनलाइन और सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को छोड़कर अन्य मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे। अपने निजी वाहनों से आने वाले आगंतुकों के लिए आईटीपीओ बेसमेंट में निर्धारित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी, जहां भैरों मार्ग-रिंग रोड सुरंग के रास्ते पहुंचा जा सकेगा। इसके अलावा, भैरों मंदिर पार्किंग और भारत मंडपम बेसमेंट-2 में भी पार्किंग की सुविधा होगी। भारत मंडपम बेसमेंट-2 तक प्रगति सुरंग और मथुरा रोड अंडरपास-4 के जरिए पहुंचा जा सकेगा। पुलिस ने कहा कि आईटीपीओ परिसर के भीतर वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। पैदल आने वाले आगंतुकों के प्रवेश के लिए गेट संख्या 1, 4, 6 और 10 निर्धारित किए गए हैं, जबकि बाहर निकलने के लिए गेट संख्या 1, 4, 7, 9 और 10 का उपयोग किया जाएगा।

कैब और ऑटो-रिक्शा यात्रियों के लिए भैरों मार्ग के दोनों ओर 25 ‘पिक-अप प्वाइंट’ बनाए गए हैं। पुलिस ने आगंतुकों को केवल इन निर्धारित स्थानों से ही वाहन लेने और यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। परामर्श में वाहन चालकों से आईटीपीओ और भारत मंडपम के निकास द्वारों के बाहर यात्रियों का इंतजार नहीं करने या उन्हें वहां से लेने के लिए नहीं आने को कहा गया है। पुलिस ने आगंतुकों को अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाने और आयोजन स्थल के सबसे नजदीकी सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन का उपयोग करने की सलाह दी है। यातायात संबंधी सहायता के लिए यात्री दिल्ली यातायात पुलिस की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement