आंदोलनरत छात्रों का तथ्यान्वेषण समिति गठित करना अनधिकृत, इसका उद्देश्य तनाव भड़काना: एसआरएफटीआई
कोलकाता, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) के अधिकारियों ने कहा कि परिसर में जारी संकट की जांच के लिए आंदोलनरत छात्रों के एक समूह द्वारा शुरू की गई स्वतंत्र जांच प्रक्रिया ‘‘अनधिकृत’’ है। एसआरएफटीआई प्रशासन का दावा है कि इस तरह के प्रयास का मकसद ‘‘तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करना, तनाव भड़काना और एसआईटी जांच को कमजोर करना’’ है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन आने वाले एसआरएफटीआई ने कहा कि 27 सितंबर से छात्रों पर कथित हमलों सहित कई घटनाओं की जांच पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल कर रहा है। संस्थान ने ‘‘किसी बाहरी संगठन द्वारा समानांतर जांच’’ की वैधता पर भी सवाल उठाया। एसआरएफटीआई के रजिस्ट्रार दीपक कुमार ने बृहस्पतिवार रात कहा कि संस्थान ने परिसर में कथित हिंसा की जांच के लिए अपनी खुद की एक तथ्यान्वेषण समिति भी गठित की है। कुमार ने कहा, ‘‘इस मामले की जांच पहले से ही पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा गठित एसआईटी कर रही है। संस्थान ने भी इन घटनाओं की जांच के लिए अपनी एक तथ्यान्वेषण समिति गठित की है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इस तरह की समानांतर कवायद का मकसद अलग-अलग तरह के विमर्श गढ़ना, तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करना और जारी जांच को कमजोर करना है।’’ कुमार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने 27 सितंबर से परिसर में हुई कथित हिंसा सहित अन्य घटनाओं की जांच के लिए अपनी ओर से एक तथ्यान्वेषण समिति गठित करने की बात कही थी। कुमार ने कहा, ‘‘इस तरह का प्रयास सामान्य स्थिति बहाल करने में मदद करने के बजाय तनाव भड़काने और इस मुद्दे को बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया प्रतीत होता है।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘छात्रों का इस्तेमाल बाहरी या राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए करना’’ अस्वीकार्य है और यह उनके शैक्षणिक हितों के लिए नुकसानदेह है।
एसआरएफटीआई के रजिस्ट्रार ने कहा, ‘‘संस्थान एसआईटी को पूरा सहयोग देगा और उम्मीद है कि सभी संबंधित पक्ष स्थापित कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करेंगे।’’ परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी ‘अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत’ के एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों पर हुए कथित हमलों के बाद से 27 सितंबर से ही संस्थान में विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। चार अक्टूबर को बांगिया हिंदू जागरण मंच की रैली के दौरान छात्रों पर कथित तौर पर दोबारा हमला होने के बाद आंदोलन तेज हो गया। छात्रों ने धरना दिया और अपनी सुरक्षा, निजता तथा परिसर में आने-जाने की स्वतंत्रता को लेकर चिंता जताई। आंदोलनरत छात्रों ने यह भी आरोप लगाया था कि उस घटना के दौरान उन पर पथराव किया गया था।
कुलपति संतोष अजमेरा से जुड़ी 15 अक्टूबर की एक घटना के बाद स्थिति और बिगड़ गई। एसआरएफटीआई प्रशासन ने छात्रों के एक समूह पर कुलपति का घेराव करने, उनके साथ धक्का-मुक्की करने और उनके कार्यालय में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। इसके बाद छह छात्रों को संस्थान से निष्कासित कर दिया गया जबकि छात्र संघ ने आरोपों को खारिज करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। एसआरएफटीआई के रजिस्ट्रार ने कहा कि संस्थान में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन शैक्षणिक गतिविधियां अब भी निलंबित हैं।
Similar Post
-
चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था, आप नेतृत्व को इस बारे में बता दिया था: अनमोल गगन मान
चंडीगढ़, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। पंजाब की खरड़ सीट से आम आदमी प ...
-
दिल्ली यातायात पुलिस ने भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से पहले जारी किया परामर्श
नई दिल्ली, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। दिल्ली यातायात पुलिस ने भा ...
-
आंदोलनरत छात्रों का तथ्यान्वेषण समिति गठित करना अनधिकृत, इसका उद्देश्य तनाव भड़काना: एसआरएफटीआई
कोलकाता, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविज ...
