केरलम के मुख्यमंत्री सतीशन ने शांति और सतत विकास के लिए विज्ञान पर जोर दिया
तिरुवनंतपुरम, मंगलवार, 10 नवम्बर 2026। केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने मंगलवार को शांति, समानता और सतत विकास के लिए वैज्ञानिक प्रगति का लाभ उठाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के महत्व को भी रेखांकित किया। सतीशन ने शांति और विकास के लिए विश्व विज्ञान दिवस के मौके पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वास्तविक वैज्ञानिक प्रगति का आकलन इस आधार पर किया जाना चाहिए कि वह मानवता के उत्थान और वैश्विक सद्भाव को बढ़ावा देने में कितनी सक्षम है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उन्नत रोबोटिक्स के तेजी से आम जीवन का हिस्सा बनने के बीच नवाचार को शांति, समानता और सतत विकास पर केंद्रित होना चाहिए। सतीशन ने बताया कि सामाजिक विभाजन को भरने, जटिल चुनौतियों से निपटने और अधिक समावेशी भविष्य के निर्माण में विज्ञान सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केरलम वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और एक मजबूत ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए ऐसा माहौल तैयार किया जा रहा है, जो मूल मानवीय मूल्यों से जुड़े रहते हुए उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाए। सतीशन ने भविष्य की पीढ़ियों के लिए अधिक शांतिपूर्ण, समानतापूर्ण और समृद्ध दुनिया बनाने के वास्ते विज्ञान का उपयोग केवल नयी संभावनाओं की तलाश तक सीमित न रखते हुए, इसके लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
Similar Post
-
गुजराती नववर्ष पर गृह मंत्री अमित शाह से मिलीं नमस्ते एक्सप्रेस की प्रबंध संपादक आस्था पराते, दी शुभकामनाएं
अहमदाबाद, मंगलवार, 10 नवम्बर 2026। गुजराती नववर्ष के पावन अवसर ...
-
दिल्ली-एनसीआर में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन में तेज वृद्धि, तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत :न्यायालय
नई दिल्ली, मंगलवार, 10 नवम्बर 2026। उच्चतम न्यायालय ने कहा है कि ...
-
अशोक गहलोत ने बंकर रॉय के निधन पर शोक जताया
जयपुर, मंगलवार, 10 नवम्बर 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अ ...
