दिल्ली : जनकपुरी में बीमा के नाम पर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 43 गिरफ्तार
नई दिल्ली, गुरुवार, 05 नवम्बर 2026। दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में बीमा के नाम पर कथित तौर पर ठगी करने वाले एक कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 32 महिलाओं समेत 43 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हर्षवर्धन स्वामी ने बताया कि बुधवार रात छापेमारी के दौरान इस कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया गया। उन्होंने बताया कि मौके पर 32 महिलाओं और 11 पुरुषों समेत कुल 43 लोग काम करते हुए मिले, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बीमा कंपनियों के पास उपलब्ध लोगों की व्यक्तिगत जानकारी रखने वाले व्यक्तियों के साथ-साथ संभावित ग्राहकों को भी निशाना बनाते थे। वे उन्हें फोन कर बीमा पॉलिसी बेचने की पेशकश करते थे।
डीसीपी ने बताया कि आरोपी संभावित ग्राहकों को पॉलिसी खरीदने के लिए प्रलोभन देते थे और इस प्रक्रिया में उनके 'नो योर कस्टमर' (केवाईसी) संबंधी दस्तावेज एवं जानकारियां हासिल कर लेते थे। आरोप है कि बाद में इन जानकारियों का इस्तेमाल लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए किया जाता था। स्वामी ने बताया कि पुलिस ने मौके से 43 मोबाइल फोन, लैपटॉप और कथित ठगी के कामकाज से संबंधित कई डेटा शीट जब्त की हैं। बड़ी मात्रा में डिजिटल डेटा भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस पूरे गिरोह के कथित सरगना की पहचान फरीदाबाद निवासी विशाल कपूर के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।
Similar Post
-
महबूबा मुफ्ती सर्वसम्मति से एक बार फिर पीडीपी अध्यक्ष निर्वाचित
श्रीनगर, गुरुवार, 05 नवम्बर 2026। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमं ...
-
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इमारत ढहने की घटना की जांच के दिए आदेश, ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
नई दिल्ली, गुरुवार, 05 नवम्बर 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ...
-
दिल्ली : जनकपुरी में बीमा के नाम पर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 43 गिरफ्तार
नई दिल्ली, गुरुवार, 05 नवम्बर 2026। दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल ...
