बढ़ते प्रदूषण के बीच एनसीआरटीसी चार नवंबर से नमो भारत के 20 अतिरिक्त फेरे चलाएगा
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। दिल्ली की वायु गुणवत्ता के ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंचने के बीच, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी बुधवार से दिल्ली-मेरठ नमो भारत गलियारे पर 20 अतिरिक्त ट्रेन फेरे चलाएगा। एनसीआरटीसी ने एक बयान में कहा कि ये अतिरिक्त सेवाएं दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक पूरे गलियारे पर संचालित की जाएंगी।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर ऐप के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 350 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। दिल्ली में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए ‘चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना’ (ग्रैप) का दूसरा चरण लागू कर दिया गया है। वहीं, कुछ श्रेणियों के वाहनों के राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश पर प्रतिबंध भी एक नवंबर से लागू हो गए हैं। एनसीआरटीसी ने कहा कि अतिरिक्त सेवाओं का उद्देश्य यात्रियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
नमो भारत गलियारा सार्वजनिक परिवहन के कई साधनों से जुड़ा हुआ है। इनमें दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेल, अंतरराज्यीय बस अड्डे और सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर तथा गाजियाबाद जैसे प्रमुख केंद्रों पर उपलब्ध शहर की बस सेवाएं शामिल हैं। बयान में कहा गया कि नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है, जबकि नमो भारत कनेक्ट ऐप यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में मदद के लिए पार्किंग की ताजा जानकारी देता है। इसमें कहा गया कि एनसीआरटीसी यात्रियों की जरूरतों के अनुसार ट्रेन सेवाओं का संचालन जारी रखे हुए है और अतिरिक्त फेरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा हैं।
Similar Post
-
बढ़ते प्रदूषण के बीच एनसीआरटीसी चार नवंबर से नमो भारत के 20 अतिरिक्त फेरे चलाएगा
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। दिल्ली की वायु गुणवत्ता के &lsq ...
-
भारत सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत रक्षा पारिस्थितिकी तंत्र बनाने पर ध्यान दे रहा: राजनाथ
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ...
-
दिल्ली को बेहतरीन ‘मेडिकल हब’ बनाने के लिए सरकारी-निजी भागीदारी बेहद जरूरी: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ...
