आईएनएस त्रिशूल ने फ्रांस में द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ‘वरुण’ में हिस्सा लिया

img

नई दिल्ली, गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026। भारतीय नौसेना के ‘‘स्टील्थ फ्रिगेट’’ आईएनएस त्रिशूल ने फ्रांस में प्रमुख द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ‘वरुण’ में हिस्सा लिया जिसका मकसद दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री संबंधों और पेशेवर रिश्तों को मजबूत करना था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस सालाना अभ्यास का 24वां संस्करण 22 से 28 सितंबर तक आयोजित किया गया। आईएनएस त्रिशूल तलवार-श्रेणी ‘‘स्टील्थ फ्रिगेट’’ (रडार की पहुंच से बचने वाला युद्धपोत) का दूसरा जहाज है और इसे जून 2003 में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। इसकी विस्थापन क्षमता यानी वजन 4,000 टन है, लंबाई 125 मीटर है और यह 30 नॉट तक की गति से चल सकता है।

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘‘फ्रांस के टूलॉन में आईएनएस त्रिशूल का दौरा भारत और फ्रांस के बीच मजबूत और स्थायी समुद्री साझेदारी की पुष्टि करता है। साथ ही, यह समुद्री सहयोग, परस्पर तालमेल से काम करने की क्षमता और पेशेवर आदान-प्रदान को मजबूत करने के लिए दोनों नौसेनाओं की प्रतिबद्धता को भी दिखाता है।’’ फ्रांसीसी नौसेना ने 22 सितंबर को जहाज के पहुंचने पर औपचारिक रूप से पानी की बौछार से सलामी देकर उसका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्रालय ने कहा, ‘‘आईएनएस त्रिशूल के कमांडिंग अधिकारी ने रियर एडमिरल मकारा ओक से मुलाकात की और फ्रांसीसी नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की।’’ एक बयान में कहा गया है कि कमांडिंग अधिकारी, अन्य अधिकारियों और चालक दल ने मार्सेले के मजारगुएस युद्ध स्मारक में उन 205 भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने विश्व युद्धों के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।

आईएनएस त्रिशूल पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें वाइस एडमिरल लॉरेंट इसनार्ड (सेवानिवृत्त), टूलॉन के डिप्टी मेयर, फ्रांसीसी नौसेना के अधिकारी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। मंत्रालय ने बताया कि समुद्र में अभ्यास के दौरान, आईएनएस त्रिशूल ने फ्रांसीसी नौसेना की इकाइयों- एफडीए फॉर्बिन, एफएलएफ ला फायेट और एसएनए सफ्रेन आदि के साथ-साथ एनएच90 हेलीकॉप्टर और अटलांटिक 2 समुद्र गश्ती विमान के साथ भी अभ्यास किया। युद्धपोत का नाम त्रिशूल भगवान शिव के शक्तिशाली अस्त्र के नाम पर रखा गया है। इसमें त्रिशूल पकड़े हुए एक हाथ की छवि बनी हुई है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement