भाजपा ने विभिन्न राज्यों में संगठन महासचिव नियुक्त किए

img

नई दिल्ली, गुरुवार, 24 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की प्रदेश इकाइयों के लिए संगठन महासचिवों की बृहस्पतिवार को नियुक्ति की। नवीन ने भाजपा के कई राष्ट्रीय संयुक्त महासचिवों (संगठन) को अलग-अलग राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक मामलों का प्रभारी भी बनाया। भाजपा की ओर जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) शिवप्रकाश आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा में पार्टी के संगठनात्मक मामलों के प्रभारी होंगे। विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में पार्टी के संगठनात्मक मामलों का प्रभार सौंपा गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश पार्टी के अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चों के संगठनात्मक मामलों का प्रभार संभालेंगे। उन्हें पार्टी के संसद कार्यालय का प्रभारी भी बनाया गया है। इसमें कहा गया है कि भाजपा नेता धर्मपाल को उत्तर प्रदेश में पार्टी का महासचिव, जबकि अजय जामवाल को महाराष्ट्र में महासचिव (संगठन) नियुक्त किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि अमिताभ चक्रवर्ती पश्चिम बंगाल में महासचिव (संगठन) का पद संभालेंगे, जबकि सतीश धोंड महाराष्ट्र में संयुक्त महासचिव (संगठन) के तौर पर काम करेंगे।

इसमें कहा गया है कि नवीन ने पवन राणा को दिल्ली और हरियाणा के लिए पार्टी का महासचिव (संगठन) नियुक्त किया है। विज्ञप्ति के मुताबिक, भाजपा नेता मधुकर को हैदराबाद, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लिए पार्टी का महासचिव (संगठन) बनाया गया है। इसमें कहा गया है कि रवींद्र राजू को असम और त्रिपुरा के लिए, जबकि भिखूभाई दलसानिया को बिहार के लिए पार्टी महासचिव (संगठन) नियुक्त किया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ में कर्मवीर और मध्यप्रदेश में चंद्रशेखर को पार्टी का महासचिव (संगठन) नियुक्त किया है।

इसमें कहा गया है कि मानस मोहंती को ओडिशा के लिए, जबकि मंत्री श्रीनिवासुलु को पंजाब और चंडीगढ़ के लिए पार्टी का महासचिव (संगठन) बनाया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि पवन साई भाजपा की झारखंड इकाई के महासचिव (संगठन), जबकि सिद्धार्थन हिमाचल प्रदेश इकाई के महासचिव (संगठन) के रूप में काम करेंगे। इसमें कहा गया है कि दशरथ भाजपा की तेलंगाना इकाई के संयुक्त महासचिव (संगठन) के तौर पर सेवाएं देंगे। विज्ञप्ति के मुताबिक, रत्नाकर गुजरात में भाजपा के महासचिव (संगठन), जबकि अरुण बिन्नाडी संयुक्त महासचिव (संगठन) का पद संभालेंगे। इसमें कहा गया है कि फणींद्रनाथ शर्मा को भाजपा की उत्तराखंड इकाई का महासचिव (संगठन) नियुक्त किया गया है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement