मिजोरम : मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने जेडपीएम अध्यक्ष का पदभार संभाला

img

आइजोल, सोमवार, 21 सितंबर 2026। मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा को सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) का सोमवार को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पार्टी ने 2026-28 के कार्यकाल के लिए अपने नए पदाधिकारियों की भी घोषणा की। वह मौजूदा अध्यक्ष लाललियानसावता की जगह लेंगे, जो स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण कुछ समय से सक्रिय नहीं हैं। ‘जेडपीएम वाल उपा काउंसिल’ (वीयूसी) के सचिव थांगचुंगनुंगा ने पार्टी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त नेताओं का औपचारिक रूप से परिचय कराते हुए इन नियुक्तियों की घोषणा की। 

राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और राज्य योजना बोर्ड के वर्तमान उपाध्यक्ष डॉ. केनेथ चावंगलियाना को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि ह्रांगतुर्जो के विधायक एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार लालमुआनपुइया पुंटे को उपाध्यक्ष बनाया गया। लुंगलेई पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक टी. लालह्लिमपुइया को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वीयूसी जेडपीएम की निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है। कई मौजूदा पदाधिकारी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण सक्रिय नहीं रह पा रहे थे जिसके बाद नए पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्ति की जिम्मेदारी वीयूसी को सौंपी गई। पार्टी ने मौजूदा पदाधिकारियों का कार्यकाल भी समय से पहले समाप्त कर दिया। उनका कार्यकाल अगले साल समाप्त होना था।

अप्रैल में निवर्तमान वरिष्ठ उपाध्यक्ष डब्ल्यू. छुआनावमा ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए पार्टी पद से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया था। हाल में जेडपीएम की कार्यकारी समिति की बैठक में एक प्रस्ताव को मंजूरी दी गई, जिसके तहत मुख्यमंत्री को पार्टी में निर्वाचित पदाधिकारी का पद भी संभालने की अनुमति दी गई। बैठक में पार्टी के संविधान के अनुच्छेद 21 के खंड एक में संशोधन किया गया। पहले इस प्रावधान के तहत मंत्रियों के पार्टी संगठन में निर्वाचित पदाधिकारी का पद संभालने पर रोक थी। संशोधन के बाद मुख्यमंत्री अब सरकार के प्रमुख के रूप में कार्य करते हुए जेडपीएम में निर्वाचित पदाधिकारी का पद भी संभाल सकते हैं। हालांकि, यह छूट अन्य मंत्रियों को नहीं दी गई है और मौजूदा नियमों के तहत वे पार्टी में निर्वाचित पदाधिकारी का पद नहीं संभाल सकते।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement