भाजपा-आरएसएस ने शिक्षा व्यवस्था को खोखला कर दिया है; राहुल छात्रों के साथ खड़े हैं: कांग्रेस
नई दिल्ली, रविवार, 20 सितंबर 2026। कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)- राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के लोगों ने शिक्षा व्यवस्था को खोखला और भ्रष्ट बना दिया है। पार्टी ने इस बात पर बल दिया कि राहुल गांधी उन विद्यार्थियों के साथ खड़े हैं जो जवाबदेही की मांग कर रहे हैं और जिनकी ‘‘आवाज’’ पूरे देश में गूंज रही है। विपक्षी दल का यह बयान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को बदहाल करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि एक ‘सिस्टम’ ने पूरे देश पर कब्जा कर लिया है और वह नहीं चाहता कि छात्र उसके सामने अपने बुनियादी मुद्दों को लेकर सवाल उठाएं, इसी डर से यह छात्र नहीं ‘‘अंधभक्त’’ चाहता है जो छात्रों को प्रताड़ित करता है ताकि कोई सवाल न उठे और मनमानी चलती रहे।
यह टिप्पणी भाजपा के गढ़ इंदौर में राहुल के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के पांचवें संस्करण के दौरान आई जहां उन्होंने ‘सिस्टम बनाम छात्र’ विषय पर चर्चा की और शिक्षा, भर्ती तथा रोजगार के मुद्दों पर युवाओं के साथ बातचीत की। कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कार्यक्रम पर राहुल के पोस्ट को टैग करते हुए कहा, ‘‘कल राहुल गांधी जी ने उस सिस्टम का राज खोला, जो छात्रों को दबा रहा है। यह सिस्टम कौन है? भाजपा-आरएसएस के वे लोग, जिनका पूरे देश की व्यवस्था पर कब्जा है। शिक्षा पर, अर्थव्यवस्था पर, राजनीति पर और संस्थाओं पर।’’ रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘इन्होंने शिक्षा व्यवस्था को खोखला और भ्रष्ट बना दिया है क्योंकि इस ‘सिस्टम’ को छात्रों से खतरा है। आज छात्र सवाल पूछ रहे हैं, जवाबदेही मांग रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब राहुल जी उनके साथ खड़े हैं, छात्रों का डर खत्म हो चुका है। पूरे देश में उनकी आवाज गूंज रही है।’’
शनिवार को गांधी का इंदौर दौरा ऐसे समय हुआ, जब इससे एक दिन पहले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने उज्जैन में आयोजित ‘युवा धर्म संसद’ में 1,700 ‘जेन-जी’ प्रतिभागियों से संवाद किया था। वहीं, इससे दो दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद पहली बार मध्यप्रदेश पहुंचे नितिन नवीन ने इंदौर में एक सरकारी योजना की शुरुआत की थी।
नवीन के अचानक दौरे को कई लोगों ने भाजपा की ऐसी रणनीति के तौर पर देखा, जिसका उद्देश्य शहर में गांधी के कार्यक्रम के प्रभाव का मुकाबला करना था। राहुल ने कहा, ‘‘सिस्टम छात्रों से डरता है क्योंकि छात्र सवाल पूछते हैं। सिस्टम छात्र नही ‘अंधभक्त’ चाहता है।’’ उन्होंने एक दृश्य-श्रव्य प्रस्तुतिकरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और मुकेश अंबानी व गौतम अदाणी सरीखे शीर्ष उद्योगपतियों की तस्वीरें दिखाते हुए इनके नाम गिनाए।
Similar Post
-
दिल्ली में डंपर ने क्रेन और ऑटो-रिक्शा को मारी टक्कर, तीन की मौत, तीन घायल
नई दिल्ली, रविवार, 20 सितंबर 2026। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरित ...
-
भाजपा-आरएसएस ने शिक्षा व्यवस्था को खोखला कर दिया है; राहुल छात्रों के साथ खड़े हैं: कांग्रेस
नई दिल्ली, रविवार, 20 सितंबर 2026। कांग्रेस ने रविवार को आरोप लग ...
-
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार छोटे शहरों तक हो- मुख्य सचिव
जयपुर, रविवार, 20 सितंबर 2026। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने क ...
