वायुसेना जैसलमेर के पोखरण रेंज में 14 से 16 सितंबर तक ‘ड्रोनथॉन’ आयोजित करेगी
नई दिल्ली, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। भारतीय वायु सेना राजस्थान में जैसलमेर जिले के पोखरण रेंज में 14 से 16 सितंबर के बीच ‘ड्रोनथॉन-2026’ का आयोजन करेगी, जिसका उद्देश्य घरेलू निर्माताओं को मानवरहित हवाई प्रणालियों (यूएएस) और मानवरहित हवाई प्रणालियों की प्रतिकार (सीयूएएस) में अपनी क्षमताओं और प्रगति को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ‘ड्रोनथॉन-2026’ का आयोजन करने का उद्देश्य हितधारकों को उभरती हुई ड्रोन और प्रति ड्रोन प्रौद्योगिकियों के साथ-साथ उनके परिचालन प्रदर्शन को देखने और आपसी ज्ञानवर्धन को बढ़ावा देने में सहायता करना है। उन्होंने बताया कि आयोजन के तहत स्थिर प्रदर्शन और लाइव प्रदर्शन शामिल होंगे।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इससे समकालीन समाधानों की पहचान करने और उनकी युद्ध प्रभावशीलता का मूल्यांकन करने में मदद मिलेगी। इस दौरान निगरानी और टोही, स्वचालित अभियान, समूह प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक युद्धकला जैसे क्षेत्र प्राथमिकता में होंगे। मंत्रालय ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप, ड्रोनथॉन-2026 का उद्देश्य उद्योग विशेषज्ञों, स्टार्टअप्स और नवप्रवर्तकों को एकीकृत करके स्वदेशी रक्षा प्रणाली को मजबूत करना है। बयान के मुताबिक इन पहलों के माध्यम से, भारतीय वायु सेना तेजी से बदलते प्रचालनगत परिवेश में सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने में सक्षम, प्रौद्योगिकीय रूप से उन्नत, स्वदेशी और भविष्य के लिए तैयार बल के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
Similar Post
-
तमिलनाडु में 50 प्रतिशत घरों को जल जीवन मिशन से नहीं मिल रहा पर्याप्त पानी: कैग रिपोर्ट
चेन्नई, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। तमिलनाडु में प्रत्येक ग्रामीण ...
-
सत्य निकेतन हादसा: घायलों का हाल जानने एम्स पहुंचीं रेखा गुप्ता, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
नई दिल्ली, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ...
-
वायुसेना जैसलमेर के पोखरण रेंज में 14 से 16 सितंबर तक ‘ड्रोनथॉन’ आयोजित करेगी
नई दिल्ली, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। भारतीय वायु सेना राजस्थान म ...
