दिल्ली यातायात पुलिस ने ब्रिक्स सम्मेलन संबंधी रिहर्सल से पहले परामर्श जारी किया
नई दिल्ली, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। दिल्ली यातायात पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए गाड़ियों के काफिले के रिहर्सल से पहले एक विस्तृत परामर्श जारी किया है, जिसके तहत मंगलवार शाम से राष्ट्रीय राजधानी की प्रमुख सड़कों पर प्रतिबंध के साथ ही मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे. परामर्श के मुताबिक, रिहर्सल आठ सितंबर को रात 7.45 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित है. ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक प्रगति मैदान के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा. यातायात पुलिस ने कहा कि परामर्श की अवधि के दौरान 35 से अधिक सड़कें प्रभावित रहेंगी और 22 स्थानों पर मार्ग परिवर्तन किया जाएगा. प्रभावित होने वाली प्रमुख सड़कों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड और टॉलस्टॉय मार्ग शामिल हैं.
परामर्श में मार्ग परिवर्तन वाले 22 स्थानों की भी जानकारी दी गई है. इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक (आईटीओ), मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग/आउटर सर्कल, जनपथ/कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल गोल चक्कर और वंदे मातरम मार्ग/साइमन बोलिवर मार्ग शामिल हैं. पुलिस ने कहा कि डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर, मथुरा रोड और तिलक मार्ग की ओर यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी और वाहनों को बीएसजेड मार्ग, आईपी मार्ग और दिल्ली गेट सहित अन्य मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा.
इसी तरह, राम चरण अग्रवाल चौक (आईटीओ) से आगे डब्ल्यू-प्वाइंट की ओर वाणिज्यिक वाहनों को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यातायात को मीर दर्द मार्ग, अब्दुल गफ्फार मार्ग, डीडीयू मार्ग, कोटला मार्ग और बीएसजेड मार्ग आदि की ओर मोड़ा जाएगा. कनॉट प्लेस के आसपास भी प्रतिबंध लगाए जाएंगे, आउटर सर्कल से सी-हेक्सागन की ओर जाने वाले यातायात का मार्ग परिवर्तन किया जाएगा. धौला कुआं, मोती बाग, लोधी रोड और मथुरा रोड कॉरिडोर के आसपास भी यातायात को विनियमित किया जाएगा.
मथुरा रोड पर भारत मंडपम की ओर आने वाली गाड़ियों का कई स्थानों से मार्ग परिवर्तन किया जाएगा. दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस दौरान मेट्रो सेवाएं पूरी तरह से चालू रहेंगी और सभी स्टेशनों पर उपलब्ध रहेंगी जबकि ‘वीआईपी’ आवाजाही के दौरान बसों के मार्गों में बदलाव किया जा सकता है. टैक्सियों और ऑटो को संचालन की अनुमति होगी, लेकिन निर्दिष्ट क्षेत्रों को छोड़कर सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. यातायात पुलिस ने कहा कि आपातकालीन और चिकित्सा वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी. आवश्यक सेवाओं का संचालन भी निर्बाध रूप से जारी रहेगा.
Similar Post
-
तमिलनाडु में 50 प्रतिशत घरों को जल जीवन मिशन से नहीं मिल रहा पर्याप्त पानी: कैग रिपोर्ट
चेन्नई, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। तमिलनाडु में प्रत्येक ग्रामीण ...
-
सत्य निकेतन हादसा: घायलों का हाल जानने एम्स पहुंचीं रेखा गुप्ता, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
नई दिल्ली, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ...
-
वायुसेना जैसलमेर के पोखरण रेंज में 14 से 16 सितंबर तक ‘ड्रोनथॉन’ आयोजित करेगी
नई दिल्ली, मंगलवार, 08 सितंबर 2026। भारतीय वायु सेना राजस्थान म ...
