जयपुर में कांग्रेस की 'हिसाब मांगो रैली' पर पुलिस ने पानी की बौछार की
- महिला कार्यकर्ता बेहोश
जयपुर, सोमवार, 10 अगस्त 2026। जयपुर में सोमवार को प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को नगर निगम मुख्यालय की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार की जिससे एक महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गई। कांग्रेस ने टोंक रोड पर नेहरू पैलेस से नगर निगम मुख्यालय तक 'हिसाब मांगो रैली' निकाली। पार्टी ने जयपुर में घर-घर कचरा संग्रहण में कथित अनियमितताओं और खराब सफाई व्यवस्था, जलभराव, सीवर लाइनें जाम होने, क्षतिग्रस्त सड़कों और खराब पड़ी 'स्ट्रीट लाइट' एवं अन्य नागरिक समस्याओं को लेकर यह प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों के नगर निगम मुख्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उनका रास्ता रोक दिया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की। प्रदर्शन के दौरान राजस्थान के पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास बैरिकेड पर चढ़ गए और जयपुर की बदहाल नागरिक व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है तथा हाल में हुई बारिश के बाद शहर की स्थिति और खराब हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शहर की सफाई और जलभराव की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस अपना आंदोलन और तेज करेगी। उन्होंने कहा, ''पुलिस तैनात की जा सकती है और बैरिकेड लगाए जा सकते हैं, लेकिन जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।'' उन्होंने कहा कि लोगों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर विधानसभा तक जारी रहेगी। प्रदर्शन में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
Similar Post
-
जयपुर में कांग्रेस की 'हिसाब मांगो रैली' पर पुलिस ने पानी की बौछार की
- महिला कार्यकर्ता बेहोश
जयपुर, सोमवार, 10 अगस्त 2026। ...
-
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष से की गृह मंत्री के बयान की मांग
नई दिल्ली, सोमवार, 10 अगस्त 2026। कांग्रेस महासचिव और लोकसभा सा ...
-
गहलोत ने भाजपा सरकार पर कांग्रेस सरकार के समय से चल रही योजनाओं के प्रति अनदेखी करने का लगाया आरोप
जयपुर, सोमवार, 10 अगस्त 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशो ...
