नीट आंदोलन की सफलता में युवाओं और विपक्ष की एकजुटता की अहम भूमिका : मुरलीधरन
तिरुवनंतपुरम, रविवार, 26 जुलाई 2026। केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ आंदोलन की सफलता का श्रेय युवाओं के साथ-साथ विपक्षी दलों की एकजुटता को भी जाता है। मुरलीधरन ने आगामी लोकसभा चुनाव से पहले ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) से एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि युवा नेतृत्व वाले आंदोलनों ने हमेशा राजनीतिक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि ऐसे आंदोलनों को सफलता तभी मिलती है, जब उन्हें राजनीतिक दलों का समर्थन भी प्राप्त हो। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही ‘जेन-जेड’ के प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे, लेकिन संसद के भीतर इसका असर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के एकजुट रुख के कारण दिखाई दिया, जिससे सरकार के लिए सदन की कार्यवाही चलाना मुश्किल हो गया।
‘जेन जेड’ उस पीढ़ी को कहा जाता है जो 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई है। यह वह युवा वर्ग है जो प्रौद्योगिकी, इंटरनेट और सोशल मीडिया के साथ बड़ा हुआ है। इन्हें डिजिटल नेटिव्स भी कहा जाता है क्योंकि इनका जीवन स्मार्टफोन, इंटरनेट और सोशल मीडिया से जुड़ा माना गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘पहली बार नरेन्द्र मोदी के दलिया में कॉकरोच गिरा है।’’ मुरलीधरन ने कहा कि इतिहास गवाह है कि छात्र और युवा आंदोलनों को राजनीतिक दलों का समर्थन मिलने पर ही वे सफल हुए हैं।
उन्होंने 1960 के दशक के अंत में केरल में ईएमएस नंबूदरीपाद सरकार के खिलाफ चले आंदोलनों और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान अन्ना हजारे के नेतृत्व में चले भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘इंडिया’ गठबंधन ने नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में अपना अभियान तेज करने का सामूहिक निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को अगले दो वर्ष में एकजुटता मजबूत करने और लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर काम करना चाहिए। मुरलीधरन ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेताओं के इस आरोप को खारिज किया कि कांग्रेस नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ आंदोलन का अनुचित श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। पेरूरकडा स्थित सरकारी मनोचिकित्सा स्वास्थ्य केंद्र के हालिया निरीक्षण से जुड़े सवाल पर उन्होंने स्वीकार किया कि अस्पताल में गंभीर कमियां हैं और उन्होंने उन्हें दूर करने का भरोसा दिलाया।
Similar Post
-
बंगाल में कोविड के दौरान पीएम केयर्स के तहत लगाए गए ऑक्सीजन संयंत्र बंद, वेंटिलेटर भी बेकार: कैग
कोलकाता, रविवार, 26 जुलाई 2026। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (क ...
-
दक्षिण दिल्ली में झगड़े के दौरान कथित हमले में फेरीवाले की मौत, आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, रविवार, 26 जुलाई 2026। दक्षिण दिल्ली के एम्स मेट्रो स ...
-
नीट आंदोलन की सफलता में युवाओं और विपक्ष की एकजुटता की अहम भूमिका : मुरलीधरन
तिरुवनंतपुरम, रविवार, 26 जुलाई 2026। केरल के स्वास्थ्य मंत्री क ...
