दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया

img

नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए सभी शिविरों में 24 घंटे साफ-सफाई, मेडिकल सुविधा, बिजली, पानी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुलाई गई एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने अलग-अलग विभागों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि इस धार्मिक आयोजन का संचालन सुचारू, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से हो। कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होने वाली है। इस यात्रा में श्रद्धालु पैदल चलकर हरिद्वार जाते हैं, गंगा नदी से जल लेकर भगवान शिव के मंदिरों में चढ़ाते हैं।

दिल्ली सरकार कांवड़ियों के भव्य स्वागत के लिए कई स्वागत द्वार भी बनाएगी। गुप्ता ने कहा, ‘‘कांवड़ यात्रा सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। सावन के महीने में जब भगवान शिव के लाखों भक्त ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ का जयघोष करते हुए दिल्ली की सड़कों से गुजरते हैं तो पूरा माहौल आस्था और भक्ति से भर जाता है।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं कि राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने वाले हर कांवड़िये का स्वागत हो, उन्हें सुरक्षा मिले और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

दिल्ली सचिवालय में हुई समीक्षा बैठक में दिल्ली के पर्यटन मंत्री और कांवड़ समिति के अध्यक्ष कपिल मिश्रा, समिति के सदस्य विधायक – अजय महावर, अनिल शर्मा, करनैल सिंह, संजय गोयल और उमंग बजाज के साथ-साथ अलग-अलग विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। कांवड़ियों के स्वागत के लिए दिल्ली के मुख्य मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए फूलों की बारिश करने का इंतजाम भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि कांवड़ समितियों को जरूरी मंजूरी और अन्य सुविधाएं आसानी से मिल सकें इसके लिए एकल खिड़की प्रणाली शुरू की गई है। सीएमओ के बयान के मुताबिक, इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि समितियों को कई विभागों के चक्कर न लगाने पड़े और उन्हें समय पर जरूरी मदद मिल सके।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement