राम मंदिर चढ़ावा विवाद: वकीलों ने ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी की मांग की
अयोध्या (उप्र), गुरुवार, 02 जुलाई 2026। फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले में बृहस्पतिवार को विरोध मार्च निकाला और राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने बताया कि इस मामले में पहली प्राथमिकी दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ता एवं ट्रस्ट के एक अन्य सदस्य कृष्ण मोहन का नाम भी वकीलों द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में आरोपी के तौर पर शामिल किया गया है। वकीलों ने अदालत परिसर से श्रीराम जन्मभूमि थाने तक मार्च निकाला और शिकायत सौंपकर मांग की कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
इस दौरान वकीलों ने राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। मार्च के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ वकीलों ने आरोप लगाया कि धक्का-मुक्की में उन्हें मामूली चोटें भी आई हैं। थाने पहुंचने पर कई वकील थाना प्रभारी के कार्यालय में इकट्ठा हो गए और तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि शिकायत की जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
कालिका प्रसाद मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा कि बार एसोसिएशन ने कई नामजद व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने 'पीटीआई-वीडियो' से कहा, ''एक लिखित शिकायत सौंप दी गई है। पांच लोग शिकायत की पावती लेने गए हैं। यदि हमें उसकी प्रति नहीं दी जाती है तो हमारा विरोध जारी रहेगा। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शिकायत में चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल राव और कृष्ण मोहन (पहले दर्ज शिकायत में शिकायतकर्ता) के नाम शामिल हैं। अब हम देखेंगे कि श्रीराम जन्मभूमि थाना पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।''
उन्होंने कहा कि यदि पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करती है तो बार एसोसिएशन आंदोलन शुरू करेगा। बार एसोसिएशन ने पहले घोषणा की थी कि वे इस मामले में आरोपियों का बचाव नहीं करेंगे और उनका प्रतिनिधित्व करने की इच्छा रखने वाले किसी भी वकील के लिए प्रति आरोपी पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाने की चेतावनी दी थी। पुलिस अधीक्षक (नगर) चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस को फैजाबाद बार एसोसिएशन द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई शिकायत मिली है और इसकी जांच की जा रही है। इस बीच, राम मंदिर के दान की कथित चोरी को लेकर चल रहे विवाद के बीच अयोध्या में प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, महासचिव चंपत राय समेत श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि तीर्थ क्षेत्र कार्यालय, कारसेवकपुरम और ट्रस्ट से जुड़े अन्य प्रमुख प्रतिष्ठानों पर तैनाती मजबूत कर दी गई है। तीर्थक्षेत्र कार्यालय में चार उप-निरीक्षकों को तैनात किया गया है और क्षेत्र में प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) की एक कंपनी भी तैनात की गई है। सूत्रों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढील दिए जाने की संभावना नहीं है, खासकर अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आगामी बैठक को देखते हुए, जहां ट्रस्ट महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के कथित इस्तीफे सहित कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि मीडिया कवरेज पर कोई प्रतिबंध नहीं है। हालाँकि, पत्रकारों को फिलहाल, केवल मंदिर के पास लगे स्टील बैरिकेड्स तक ही जाने की अनुमति दी गई है, जिसके आगे भक्त दर्शन और आरती के लिए आगे बढ़ते हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ था जब समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे में गबन का आरोप लगाया था। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी थी जिसके बाद 25 जून को एक प्राथमिकी दर्ज की गई और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
Similar Post
-
मोहन यादव पद छोड़ें, जमीन घोटाले पर श्वेत पत्र जारी किया जाए: कांग्रेस
नई दिल्ली, गुरुवार, 02 जुलाई 2026। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के मु ...
-
बिहार, मप्र और गुजरात में तीन विधानसभा सीटों के लिए 30 जुलाई को उपचुनाव
नई दिल्ली, गुरुवार, 02 जुलाई 2026। निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार ...
-
स्काईरूट ने स्वदेश विकसित रॉकेट 'विक्रम-1' के प्रक्षेपण के संभावित समय की घोषणा की
नई दिल्ली, गुरुवार, 02 जुलाई 2026। हैदराबाद आधारित कंपनी स्काईर ...
