टीईटी प्रश्नपत्र लीक: युवा कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की, विरोध प्रदर्शन किया

img

मुंबई, रविवार, 28 जून 2026। मुंबई युवा कांग्रेस के सदस्यों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के प्रश्नपत्र के कथित लीक होने के मामले में रविवार को यहां स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे के आधिकारिक आवास के बाहर प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की। मुंबई युवा कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शबरीन के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि टीईटी प्रश्नपत्र लीक और इससे पहले नीट विवाद समेत बार-बार हो रही परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को खतरे में डाल दिया है और यह निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करने में राज्य सरकार की विफलता को दर्शाता है। जीनत शबरीन ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत सरकार के शासन में परीक्षा संबंधी अनियमितताएं एक आम बात बन गई हैं। उन्होंने टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले की निष्पक्ष जांच और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि भारी पुलिस बंदोबस्त के बावजूद वे दक्षिण मुंबई में स्थित राज्य सचिवालय मंत्रालय के सामने मंत्री के आवास तक पहुंचने में सफल रहे।

पार्टी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जीनत शबरीन और युवा कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जब तक कथित टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले के जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में नहीं लाया जाता और विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। महाराष्ट्र में रविवार को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 को स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला ठाणे जिले के भिवंडी में हुई एक छापेमारी के बाद लिया गया, जिसमें कुछ लोगों के पास ऐसे कई प्रश्न मिले, जो मूल प्रश्नपत्र के सवालों से मिलते-जुलते थे।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement