सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी गिरफ्तार
सहारनपुर (उप्र), शनिवार, 16 मई 2026। सहारनपुर जिले की बेहट थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया गया है। बेहट की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रिया यादव ने बताया कि शुक्रवार रात अपराध नियंत्रण के लिए शुरू किए अभियान के दौरान जनता रोड स्थित शाहपुर मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखे।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों संसारपुर की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, तभी कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। यादव ने बताया कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में खिडका भटकव्वा निवासी आसिफ के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आसिफ के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की। दूसरे आरोपी कस्साबान निवासी आदिल के पास से भी अवैध तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आसिफ के खिलाफ गो हत्या, मारपीट के आरोपों समेत अन्य आरोपों में आठ मुकदमे दर्ज हैं और बेहट थाने में दर्ज गो हत्या के मामले में वांछित था। उन्होंने बताया कि आदिल के खिलाफ भी जिले के विभिन्न थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं।
Similar Post
-
राजस्थान परिवहन विभाग का राजस्व 13.82 प्रतिशत बढ़ा
जयपुर, बुधवार, 30 सितंबर 2026। राजस्थान के परिवहन विभाग का राजस ...
-
नवीकरणीय ऊर्जा पारेषण के लिए पीएम-धारा योजना को मंजूरी, 1.86 लाख करोड़ रुपये होंगे खर्च
नई दिल्ली, बुधवार, 30 सितंबर 2026। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवा ...
-
जम्मू कश्मीर विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
श्रीनगर, बुधवार, 30 सितंबर 2026। जम्मू कश्मीर विधानसभा की कार्य ...
