राव दूदाजी का जीवन शौर्य और पराक्रम का जीता-जागता उदाहरण- केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

img

  • श्री राव दूदाजी का मूर्ति अनावरण समारोह

जयपुर, बुधवार, 14 मई 2026। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में देश की सुरक्षा नीति में व्यापक और ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं। भारत ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि हमारी आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। अगर पाकिस्तान ने नजर उठाने की कोशिश की, तो जो अब तक नहीं हुआ वह होकर रहेगा।

केंद्रीय रक्षा मंत्री गुरुवार को नागौर जिले के मेड़ता में श्री राव दूदाजी के मूर्ति अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की भूमि सदैव त्याग और राष्ट्र भक्ति की प्रेरणा देती रही है। यहां पर घर-घर से फौजी देश की रक्षा के लिए सेना में जाते हैं। उन्होंने कहा कि राव दूदा जैसे वीर शिरोमणि का जीवन नई पीढ़ी के लिए आदर्श है। उनका पूरा जीवन शौर्य और पराक्रम का जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि धर्म और न्याय की रक्षा के लिए वे सदैव तत्पर रहते थे और उनके पराक्रम की गूंज राष्ट्र भक्ति का जोश भर देती है। राव दूदा का अर्थ है संकल्प, समर्पण, शक्ति और शौर्य। अश्व पर सवार दूदा जी की प्रतिमा हमें एक राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने का संदेश देती है।

आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति—

उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 में बालाकोट स्ट्राइक तथा हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से अद्भुत सैन्य क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में इंसाफ और इंसानियत पर विश्वास किया जाता है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरा देश आक्रोशित था, हमने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुश्मन के होश उड़ा दिए। भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन अगर कोई छेड़े तो उसे छोड़ता नहीं है। भारत चुप बैठने वाला देश नहीं है। अगर हमारे नागरिकों पर हमला किया गया, तो घर में घुसकर मारेंगे। कोई सरहद हमें रोक नहीं सकती।

महिलाओं का सम्मान भारतीय सभ्यता की आत्मा—

केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘विकास भी और विरासत भी‘ की अवधारणा को लेकर काम कर रहे हैं। देश के जननायकों और महापुरुषों की शिक्षाओं एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल नारा नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की आत्मा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इसी भावना के अनुरूप महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ‘ से लेकर महिला सुरक्षा को लेकर सख्त कानून बनाए गए हैं। नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण विधानसभा एवं संसद में देने का प्रावधान किया गया, लेकिन विपक्ष द्वारा इसे संसद में पारित नहीं होने दिया गया। यह बिल हमारी सामूहिक इच्छाशक्ति का परिचायक है हम इसे लागू करवाने के लिए कृत-संकल्पित हैं।

राव दूदा के रणकौशल और पराक्रम से हम गौरवान्वित

युवा वीरों से प्रेरणा लेकर महान विरासत को आगामी पीढ़ी तक पहुंचाएं

- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय सेनाओं का जो आधुनिकीकरण हुआ है, उससे आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को रक्षा क्षेत्र में नई गति मिली है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान को पस्त कर सबक सिखाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वीर शिरोमणि श्री राव दूदाजी ने प्रदेश और समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने आह्वान किया कि इन वीरों से प्रेरणा लेकर राजस्थान की इस महान विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्मिता और मातृभूमि की रक्षा के लिए राजस्थान के वीर किसी भी बलिदान से पीछे नहीं हटते हैं। राव दूदाजी ने वीरता-स्वाभिमान की ऐसी परम्परा स्थापित की है, जिसने पूरे राजस्थान को विश्वभर में गौरवान्वित किया है। साथ ही, उन्हीं के वंश में मीरा बाई जैसी कृष्ण भक्त भी हुईं। मीरा की वाणी कालजयी हैं। सदियों बाद भी उनकी वाणी भक्ति और मानवता का सन्देश दे रही है।

प्रदेश की गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हम कृत-संकल्पित

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा प्रदेश की गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए महापुरूषों का प्रदेशभर में पेनोरमा बनवाया जा रहा है। श्री महावीर जी पेनोरमा-करौली, श्री विद्यासागर जी महाराजा-अजमेर, भक्त शिरोमणि करमा बाई-डीडवाना, श्री जसनाथजी-बीकानेर, श्री खेमा बाबा-बालोतरा, श्री भामाशाह-चित्तौड़गढ़, श्री राव चंद्रसेन-जोधपुर का निर्माण करवाया जा रहा है। वहीं, बांदीकुई में संत श्री दुर्बलनाथ जी का पेनोरमा, सिवाना में वीर दुर्गादास तथा सलूंबर में हाड़ी रानी और अजमेर में महर्षि दयानन्द सरस्वती पेनोरमा का निर्माण भी किया जाएगा। साथ ही, खरनाल-नागौर में वीर तेजाजी पेनोरमा का विकास कार्य भी करवाया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा प्रदेश में कृषि, बिजली, पानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना एवं गंगनहर के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ माही, देवास, सोम-कमला-अम्बा इत्यादि परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही, 24 जिलों में किसानों को अब दिन में भी बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के लिए युवा नीति लेकर आई है तथा युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है।

किसानों को ग्राम-2026 में भाग लेने का किया आह्वान—

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से जयपुर में 23 से 25 मई, 2026 को ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में ग्राम विकास रथों के माध्यम से भी इसके बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने किसानों को  कृषि प्रसंस्करण और नवीनतम तकनीकों की जानकारी तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए इस आयोजन में भाग लेने का आह्वान किया।

केन्द्रीय कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के समय भारतीय सेना ने अद्भुत क्षमता का परिचय देते हुए आतंक के ठिकानों को नेस्तेनाबूद कर भारत के प्रत्येक नागरिक का मस्तक गर्व से ऊंचा करने का काम किया। लोकनायकों की प्रतिमाओं का लोकार्पण इतिहास से संवाद करने का अवसर, चेतना को पुर्नजीवित करने का संकल्प तथा महान विभूतियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि राव दूदाजी के व्यक्तित्व से हमें सच्चरित्र का निर्माण, महिला सम्मान और सर्वजाति के कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। इनका जीवन वीरता और सहिष्णुता का प्रतीक है। मीरा बाई की 525वीं जयंती पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री ने मीरा बाई के पेनोरमा का अवलोकन भी किया। इससे पहले उन्होंने श्री राव दूदा मेड़तिया जी की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने श्री चारभुजा नाथ एवं मीराबाई मंदिर में दर्शन किए एवं देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

 इस अवसर पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ मंजू बाघमार, पंजाब के पूर्व राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर, किसान आयोग के अध्यक्ष सी आर चौधरी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत और लक्ष्मण राम, पूर्व राज्यसभा सांसद गज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मूर्ति अनावरण आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement