शासन सचिव, पर्यटन, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग ने संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
जयपुर, बुधवार, 14 मई 2026। पर्यटन विभाग तथा कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर विभागीय प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान शासन सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए ताकि परिवादियों को शीघ्र राहत मिल सके।
बैठक में पर्यटन विभाग, देवस्थान विभाग, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC), जवाहर कला केन्द्र तथा आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की गई। श्रीमती त्यागी ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा परिवादियों की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी फॉलोअप करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी ने परिवादियों से संवाद भी किया। जयपुर के महेश अग्रवाल एवं पुराण सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत आवेदन स्वीकार नहीं होने संबंधी समस्या से अवगत कराया। इस पर शासन सचिव ने बताया कि योजना के लिए आवेदन प्रतिवर्ष आमंत्रित किए जाते हैं। उन्होंने मौके पर उपस्थित देवस्थान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जैसे ही आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो, दोनों परिवादियों को दूरभाष के माध्यम से सूचित किया जाए। इस दौरान उन्होंने 6 परिवादियों से दूरभाष पर वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
संपर्क पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार देवस्थान विभाग से संबंधित कुल 2250 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 2117 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। पर्यटन विभाग के कुल 299 प्रकरणों में से 287 का निस्तारण किया गया है। राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) के 59 में से 59, जवाहर कला केन्द्र के 38 में से 38 तथा आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण के सभी 6 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर शीघ्र समाधान प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर संबंधित विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
Similar Post
-
शासन सचिव, पर्यटन, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग ने संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
जयपुर, बुधवार, 14 मई 2026। पर्यटन विभाग तथा कला, साहित्य, संस ...
-
राज्यपाल ने अपने आधिकारिक काफिले में कटौती की
जयपुर, बुधवार, 14 मई 2026। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने आम जन से ...
-
जयपुर के एसएमएस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली, आरोपी पकड़ा गया
जयपुर, मंगलवार, 13 मई 2026। जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पता ...
