युवा कांग्रेस ने शुरू किया 'बेहतर दिल्ली' अभियान, जन संवाद का संकल्प लिया

img

नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026। भारतीय युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को 'बेहतर दिल्ली' अभियान की शुरुआत की, जिसके तहत जनता से व्यापक संवाद करके उनकी समस्याओं का पता लगाया जाएगा और उनके समाधान के लिए कदम उठाए जाएंगे। कांग्रेस की युवा इकाई के प्रमुख उदय भानु चिब ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय माकन, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव की मौजूदगी में इस अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा भी मौजूद थे। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष माकन ने संवाददाताओं से कहा, ''युवा कांग्रेस ने देश के शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए एक जरूरी पहल की है...युवा कांग्रेस ने तय किया है कि जरूरी मुद्दों को ध्यान में रखते हुए संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लोगों के बीच में जाएंगे, उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे और उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।''

उन्होंने कहा कि शुरुआत दिल्ली से हो रही है बाद में इसे देश के अन्य शहरों में भी विस्तार दिया जाएगा। चिब ने बताया, ''युवा कांग्रेस 'बेहतर दिल्ली' अभियान शुरू कर रही है, जिसमें हम लोगों की समस्या के समाधान के लिए काम करेंगे। यह अभियान दिल्ली के लोगों और उन बच्चों के लिए है, जो प्रदूषण से जूझ रहे हैं और जिस पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है।'' उनका कहना था कि दिल्ली में हर मौसम की अलग समस्याएं हैं और युवा कांग्रेस इसके मुताबिक ही मुद्दों को उठाएगी और लोगों से संवाद करेगी।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान के तहत उनके संगठन की प्रमुख मांगें दिल्ली से कूड़े के ढेर ख़त्म करने, जलभराव की समस्या खत्म करने, 24 घंटे साफ पानी उपलब्ध कराने, स्कूलों में सीसीटीवी के साथ बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करने, वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने और औद्योगिकी इकाइयों को आबादी वाले इलाकों से बाहर स्थानांतरित करने की है। उन्होंने कहा, ''दिल्ली नगर निगम के पिछले 20 साल का हिसाब-किताब सार्वजनिक हो और दिल्ली की जनता के लिए काम हो, विज्ञापन पर पैसे खर्चना बंद हो।'' चिब ने कहा, ''अगर सरकार ने दिल्ली की जनता की बेहतरी के लिए इन मुद्दों पर काम नहीं किया तो हम सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।'' दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा, ''अब हम 'बेहतर दिल्ली' कैंपेन लेकर आ रहे हैं, जिसमें हम लोगों की समस्याओं को नुक्कड़ से लेकर विधानसभा तक उठाएंगे।''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement